उप राष्ट्रपति 28 अगस्त को लांच करेंगे स्पोट्स टैलेंट पोर्टल

Saturday, Aug 26, 2017 - 03:10 PM (IST)

नई दिल्लीः भारत के उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू यहां 28 अगस्त को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में अधिकारिक रूप से खेल मंत्रालय का ‘नेशनल स्पोट्स टैलेंट सर्च पोर्टल’ लांच करेंगे। खेल मंत्री विजय गोयल ने कहा कि उप राष्ट्रपति ने समारोह का मुख्य अतिथि बनने के लिये अपनी सहमति दे दी है। गोयल ने कहा, ‘‘हमारे देश में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीमों में प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों के उचित चयन के संबंध में हमेशा कुछ न कुछ मुद्दे रहे हैं। ’’  

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार के लिये यह एक गंभीर मुद्दा रहा है और इसी के अनुसार हमने इस पोर्टल को लाने के लिये कदम उठाये, जिसमें किसी भी प्रतिभाशाली बच्चे का शिक्षक और माता पिता उसकी खेल उपलब्धियों को अपलोड कर सकता है।’’ गोयल ने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों की छंटनी के दौरान खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा उसकी उपलब्धियों पर विचार किया जायेगा और फिर उन्हें अंतिम चयन के लिये निकट के साई केंद्र में ट्रायल्स के लिए बुलाया जायेगा।  

पोर्टल इंग्लिश और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगा। यह ऐप के रूप में भी उपलब्ध होगा जिसे स्मार्टफोन पर डाउनलोड किया जा सकेगा। इसके अलावा खेल मंत्री ने आज पहले ग्रामीण खेल महोत्सव (ग्रामीण खेलों) की घोषणा की जो राजधानी में शुरू होंगे। 28 अगस्त से एक सितंबर तक चलने वाले ग्रामीण खेल का आयोजन अलीपुर, महरौली, नांगलोई, नजफगढ़ और शाहदरा में किया जायेगा। 
 

Advertising