दक्षिण एशियाई खेलों में भारत ने लगाया ‘स्वर्ण’ शतक

punjabkesari.in Wednesday, Feb 10, 2016 - 10:35 PM (IST)

गुवाहाटी: मेजबान भारत ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) में अपने स्वर्ण बटोरो अभियान को तेजी से आगे बढ़ाते हुए बुधवार को अपनी पदकों की संख्या 117 स्वर्ण, 61 रजत और 16 कांस्य सहित कुल 194 पहुंचाकर ‘स्वर्णिम शतक’ लगा दिया। भारत ने इन खेलों में अपना पदक शतक चार दिनों में ही पूरा कर लिया था और बुधवार को उसने स्वर्णिम शतक भी पूरा कर लिया। 
 
श्रीलंका 24 स्वर्ण सहित 133 पदकों के साथ दूसरे और पाकिस्तान सात स्वर्ण सहित 59 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। बंगलादेश तीन स्वर्ण सहित 53 पदक जीतकर चौथे स्थान पर है। भारतीय तैराकों ने खेलों के पांचवे दिन कमाल का प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदकों पर कब्जा किया। तैराकी प्रतियोगिता का बुधवार को आखिरी दिन था और भारत ने इसमें सर्वाधिक 23 स्वर्ण पदक जीते जबकि श्रीलंका ने तीन स्वर्ण पदक जीते। श्रद्धा सुधीर ने महिलाओं की 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता तो वीरधवल खादे ने पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा का स्वर्ण जीता।
 
मेजबान देश को तीसरा स्वर्ण महिलाओं की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में ज्योत्सना पंसारे ने दिलाया। पुरुषों और महिलाओं की चार गुना 100 मीटर मेडले स्पर्धा का स्वर्ण भी भारतीय टीम ने अपने नाम किया लेकिन पुरुषों में सानू देबनाथ को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

श्रद्धा ने 200 मी. मेडले स्पर्धा में दो मिनट 31.18 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण जीता। पुरुषों में भारत के सानू देबनाथ 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले स्पर्धा में दो मिनट 11.65 सेकंड का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहे और रजत जीता। 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा का रजत पदक भारत के अंशुल कोठारी के नाम रहा। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News