दीपा ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली बनी पहली महिला खिलाड़ी

punjabkesari.in Monday, Apr 18, 2016 - 01:22 PM (IST)

नई दिल्ली: देश की स्टार जिमनास्ट और ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता दीपा करमाकर रियो ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई करने के साथ ही ओलंपिक के लिये करने वाली देश की पहली महिला जिमनास्ट बन गई हैं।  ओलंपिक में देश की तरफ से पुरुष जिमनास्ट खिलाड़ी तो देश का प्रतिनिधत्व कर चुके हैं अभी तक कोई भी महिला जिमनास्टक ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थीं।  

 
 
त्रिपुरा की रहने वाली 22 वर्षीय दीपा ने रविवार को रियो डि जेनेरियो में अंतिम क्वालीफायर और ओलिंपिक परीक्षण प्रतियोगिता में प्रभावी प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कुल 52.698 अंक अर्जित किए। वह महिला वर्ग में 4 डिवीजन में से पहली में 9वें स्थान पर रहीं। उन्होंने सबसे मुश्किल माने जाने वाला प्रोडुनोवा वॉल्ट किया। इससे उन्हें 15.066 अंक मिले। प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे 14 जिमनास्टकों में यह सबसे ज्यादा स्कोर था लेकिन अन इवन बार पर उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, जिसके कारण उन्हें केवल 11.700 अंक ही मिले।   
 
 
 
हालांकि दीपा ने बीम और फ्लोर एक्सरसाइज में 13.366 और 12.566 अंक जुटाए। इसी के साथ ही, उनकी सीट ओलिंपिक के लिए पक्की हो गई।  उल्लेखनीय है कि ओलिंपिक में क्वालिफाई करने के लक्ष्य से दीपा पिछले 15 दिनों से यहां के इंदिरा गांधी स्टेडियम में अपनी तैयारियों को अंजाम दे रही थीं। इससे पहले गत नवंबर में विश्व चैंपियनशिप में 5वां स्थान हासिल करते हुए वह ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई करने से चूक गई थी।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News