सुशील और योगेश्वर के ओलंपिक मेडल की इनामी राशि पर ''दंगल''

Monday, Aug 03, 2015 - 11:27 AM (IST)

 नई दिल्ली: देश के दिग्गज पहलवान सुशील कुमार और योगेश्वर दत्त के लंदन ओलंपिक में जीते गए मेडल पर बहसबाजी शुरू हो गई है।  मेडल दो हैं लेकिन खेल मंत्रालय की ओर से दिए जाने वाले इनके कैश अवॉर्ड पर दावा जताने वाले कई हैं।

भारतीय कुश्ती संघ ने सुशील के रजत पदक के लिए तत्कालीन टीम के चीफ कोच विनोद कुमार और योगेश्वर के कांस्य पदक के लिए उस वक्त टीम के कोच यशवीर सिंह का नाम भेजा है। वहीं इन दोनों के गुरु रहे सतपाल ने खेल मंत्रालय से इन दोनों की दावेदारी को गलत ठहराते हुए कैश अवॉर्ड पर दावा जताया है। सुशील के बीजिंग ओलंपिक में जीते गए कांस्य पदक का कैश अवॉर्ड यशवीर सिंह को दिया जा चुका है।

सुशील के रजत के लिए उनके कोच को 15 व योगेश्वर के कांस्य के लिए 10 लाख रुपए की राशि मंत्रालय को देनी है, लेकिन तीन साल बाद भी इस पर फैसला नहीं हो पाया है। 

कैश अवॉर्ड पर मंत्रालय कौ नियम बिल्कुल साफ है कि पदक विजेता का कोच उसी को माना जाएगा जिसने गोपनीय कैंप में खिलाड़ी को 240 या उससे अधिक दिनों तक तैयारियां कराई हो। ऐसे में विनोद कुमार और यशवीर का दावा ठीक बैठता है। लंदन ओलंपिक से पहले दोनों कोच लगातार सुशील और योगेश्वर के साथ कैंप और विदेशी दौरे पर रहे।

Advertising