भारतीय टीम में दिखा गजब का उत्साह

Saturday, Aug 13, 2016 - 09:10 AM (IST)

रियो डि जेनेरो: नीले रंग के सूट और पीली साड़ी पहने पुरूष और महिलाओं का भारतीय दल माराकाना स्टेडियम में आयोजित रियो ओलिंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह में पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ उतरा।  
 
देश के एकमात्र ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा रियो ओलिंपिक खेलों में भारतीय ध्वजवाहक बने जिन्होंने 118 सदस्यीय दल का नेतृत्व किया। बिंद्रा इन खेलों में भारत के ब्रांड एम्बेसेडर भी हैं। भारत का यह दल इन खेलों में अब तक का सबसे बड़ा दल भी है। भारत ने लंदन ओलंपिक 2012 में छह पदक जीते थे और रियो में बड़े दल के साथ उसकी पदक उम्मीदें भी काफी ऊंची हुई हैं।  
 
माराकाना स्टेडियम में आयोजित हुए रंगारंग उद्घाटन समारोह में राष्ट्रों के परेड में भारतीय दल 95वें नंबर पर आया जिसमें अपना सातवां ओलंपिक खेल रहे टेनिस स्टार लिएंडर पेस, भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा, अश्विनी पोनप्पा और पी वी सिंधू, दूती चंद एवं भारतीय दल के साथ गये अधिकारी और कोच भी मौजूद रहे। हालांकि आराम और तैयारियों के मद्देनजर भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने उद्घाटन समारोह में हिस्सा नहीं लिया।   
 
कुछ खिलाड़ियों ने ओलिंपिक उद्घाटन समारोह की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की। पेस ने कई अधिकारियों के साथ ट्विटर पर तस्वीरें साझा की तथा माराकाना स्टेडियम से एक वीडियो संदेश भी डाला। उन्होंने लिखा कि आज भारतीय होने पर गर्व हो रहा है।  वहीं टेनिस स्टार और महिला युगल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने भी लिखा कि यह समय ओलिंपिक का है। दूती ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर लिखा। ग्रैंड सेरेमनी के लिए तैयार हूं। 
 
Advertising