ग्रेट ब्रिटेन ने महिला हाकी में भारत को 3-0 से हराया

Tuesday, Aug 09, 2016 - 01:50 PM (IST)

 रियो डि जनेरियो: भारतीय महिला हाकी टीम जापान के खिलाफ पहले मैच के प्रदर्शन को दोहराने में नाकाम रही और उसे यहां ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ रियो ओलिंपिक खेलों के अपने दूसरे मैच में 3-0 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।  पहले क्वार्टर में सतर्क शुरूआत के बाद लंदन 2012 खेलों की कांस्य पदक विजेता ब्रिटेन की टीम ने दूसरे क्वार्टर में 2 मिनट के भीतर दो गोल दागकर भारतीय टीम को हैरान किया। 

 
जिसेले एंसले ने दमदार ड्रैग फ्लिक पर कप्तान सुशील चानूू और गोलकीपर सविता पूनिया को छकाते हुए ब्रिटेन की ओर से 25वें मिनट में पहला गोल दागा।  भारतीय टीम संभल पाती इससे पहले ही निकोला वाइट ने मैदानी गोल दागते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। तीसरे क्वार्टर में भी इंगलैंड का दबदबा देखने को मिला। एलेक्स डेनसन ने शानदार गोल के साथ ब्रिटेन को 33वें मिनट में 3-0 से आगे कर दिया। भारत की ओर से वंदना कटारिया ने कुछ अच्छे मूव बनाए लेकिन अंतिम लम्हों पर शारीरिक रूप से अपने से मजबूत ब्रिटेन की खिलाड़ियों से पार नहीं पा सकी। 
 
Advertising