हिंदी में ओलिंपिक का आकलन करेंगी अंजलि भागवत

punjabkesari.in Saturday, Jul 23, 2016 - 01:14 PM (IST)

नई दिल्ली: ओलिंपिक में भारत का 3 बार प्रतिनिधित्व कर चुकीं महिला रायफल निशानेबाज अंजलि भागवत इस बार रियो ओलिंपिक में खेलों के महाकुंभ का आकलन हिंदी में करती नजर आएंगी।  
 
अंजलि को रियो ओलिंपिक के आधिकारिक प्रसारक स्टार स्पोटर्स ने अपने विशेषज्ञ पैनल में शामिल किया है। अंजलि ने बताया कि वह 5 से 21 अगस्त तक होने वाले ओलिंपिक में हिंदी में इन खेलों का आकलन करेंगी। अंजलि ने 2000 के सिडनी ओलिंपिक में वाइल्डकार्ड के जरिए प्रवेश पाया था और वह फिर अपनी 10 मीटर एयर रायफल स्पर्धा के फाइनल तक पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनी थीं।  अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 31 स्वर्ण, 23 रजत और सात कांस्य पदक जीतने वाली पुणे की इस निशानेबाज ने सिडनी के बाद दो और ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। 
 
राष्ट्रमंडल खेलों में 12 स्वर्ण जीतने वाली अंजलि 2002 में विश्व की नंंबर एक निशानेबाज बनी थीं और उन्हें देश का सर्वाेच्च राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान भी दिया गया। अंजलि इस बात से बहुत उत्साहित हैं कि इस बार रिकार्ड 12 भारतीय निशानेबाज रियो ओलिंपिक में उतर रही हैं और उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय निशानेबाजों का रियो में प्रदर्शन बेहतर होगा। लेकिन उन्होंने कोई पदक भविष्यवाणी करने से इंकार किया।  

सबसे ज्यादा पढ़े गए