Unlock-3: दिल्ली में अब नहीं लगेगा नाइट कर्फ्यू, फिर से खुलेंगे साप्ताहिक बाजार

Friday, Jul 31, 2020 - 08:40 AM (IST)

नई दिल्ली/डेस्क। केंद्र सरकार द्वारा जारी अनलॉक 3 के दिशा निर्देशों के तहत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के अर्थव्यवस्था को खोलने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री द्वारा पिछले कई दिनों में लगातार कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं, ताकि लॉकडाउन के दौरान बुरी तरह से प्रभावित दिल्ली के अर्थव्यवस्था को वापस पटरी पर लाया जा सके।
 

केंद्र के अनलॉक 3 के दिशा निर्देशों के अनुसार गुरुवार के लिए गए निर्णय के तहत दिल्ली सरकार ने रात में कर्फ्यू को समाप्त करने का फैसला लिया है, जो पहले रात 10: 00 बजे से सुबह 5: 00 बजे तक लागू था। दिल्ली के होटल अब अस्पतालों से जुड़े हुए नहीं हैं, इसलिए सरकार ने काम शुरू करने की अनुमति देने का फैसला लिया है।


हॉस्पिटेलिटी अनुमति केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार दी गई है। दिल्ली सरकार ने 1 सप्ताह के लिए सुबह 10: 00 बजे से रात 8: 00 बजे तक ट्रायल के आधार पर दिल्ली में स्ट्रीट हॉकर्स को काम करने की अनुमति दी थी। अब फैसला लिया गया है कि सड़क पर चलने वाले फेरी वालों को भविष्य में बिना किसी समय सीमा के अंदर काम करने की अनुमति दी जाएगी। सरकार ने ट्रायल के आधार पर 1 सप्ताह के लिए सभी साप्ताहिक बाजारों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए खोलने की अनुमति दी है।  


दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों में अब धीमी गति से इजाफा हो रहा है। यहां गुरुवार को 24 घंटों में कोरोना के 1093 नए मामले सामने आए हैं और एक दिन में 29 मरीजों की जान गई है। इसके साथ ही राजधानी में संक्रमण के कुल मामले 1 लाख 34 हजार 403 हो गए हैं। संक्रमण के कुल मामलों में सक्रिय मामलों की संख्या 10,743 है। वहीं 1,19,724 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। यहां अब तक 3,936 लोगों की जान जा चुकी है। 

 

Murari Sharan

Advertising