दिल्ली बाढ़ पर बोले केजरीवाल- अगले 2 दिन तक खतरा, सरकार देगी टेंट सुविधा

Monday, Aug 19, 2019 - 02:15 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ का खतरा होने के बीच सोमवार को दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों के डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार टेंट सुविधा दे रही है, नदी के आसपास के लोग टेंटों में आ जाएं। उन्होंने कहा कि दो दिन तक बाढ़ का खतरा बने रहने की संभावना है। बता दें कि यमुना खतरे के निशान के करीब है। दिल्ली प्रशासन ने यमुना से सटे गांवों को खाली करा लिया है और लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के कहा है। 

बता दें कि हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने और यमुनानगर कैचमेंट एरिया में हुई जोरदार बारिश से दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है। यमुना का जल स्तर शनिवार की शाम 203.27 मीटर से बढ़कर रविवार की सुबह 203.50 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान से कुछ ही कम है। वहीं इसी बीच प्रशासन ने अब खतरे का निशान बदल दिया। नए आदेश के मुताबिक खतरे का निशान अब 204.83 मीटर की बजाय 205.33 मीटर होगा।

बीते कई सालों से 204.83 मीटर ही खतरे का निशान बना हुआ था। एक अधिकारी ने बताया कि रविवार की सुबह हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से 21 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, इसके अलावा भी बैराज से लगभग 17 हजार क्यूसेक पानी और छोड़ा गया है। वहीं दिल्ली प्रशासन ने कहा कि वह हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। पिछले साल भी भारी बारिश के चलते यमुना का जलस्तर 205.5 मीटर तक पहुंच गया था, जिससे पुराने पुल पर यातायात रोकना पड़ा था। वहीं दिल्ली में शनिवार रात में हुई बारिश से कई जगह जलभराव हो गया जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Seema Sharma

Advertising