भारत-मालदीव के बीच पहली बार शुरू होगी फेरी सेवा

Sunday, Jun 09, 2019 - 01:46 AM (IST)

मालेः भारत और मालदीव दोनों देशों के बीच संपर्क को बेहतर बनाने के लिए एक फेरी सेवा शुरू करने पर शनिवार को सहमत हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलेह ने दोनों देशों के आपसी संपर्क को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

दोनों नेताओं ने केरल के कोच्चि तथा मालदीव की राजधानी माले के बीच यात्री तथा माल ढोने वाली एक फेरी सेवा शुरू करने के लिए अधिकारियों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए। इस पहल से पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसकी घोषणा मोदी की दो दिन की मालदीव यात्रा के दौरान की गई।

मोदी ने मालदीव की संसद को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं विशेष तौर पर खुश हूं कि हम दोनों देशों के बीच फेरी सेवा शुरू करने पर सहमत हुए हैं।'' समुद्री मार्ग से यात्री एवं माल ढोने की सुविधा विकसित करने को लेकर दोनों पक्षों ने एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर भी किए। विदेश सचिव विजय गोखले ने कहा कि फेरी सेवा को लेकर मोदी और सोलेह के बीच चर्चा हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘यह पहला मौका है जब कोच्चि से माले तक यात्री एवं माल ढोने वाली फेरी सेवा शुरू कर भारत और मालदीव को सीधे तौर पर जोड़ रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने बुनियादी संरचना तैयार कर दोनों देशों के बीच संपर्क बेहतर बनाने पर जोर दिया। इस संदर्भ में दोनों नेताओं ने संबंधित अधिकारियों को फेरी सेवा शुरू करने की दिशा में तेजी से काम करने का निर्देश दिया।'' उल्लेखनीय है कि दोबारा सत्ता में आने के बाद यह मोदी की पहली विदेश यात्रा है।

 

Pardeep

Advertising