दिल्ली में थमी कोरोना की रफ्तार, CM केजरीवाल ने कहा- एक तिहाई लोगों में हर्ड इम्युनिटी

Friday, Jul 24, 2020 - 08:57 AM (IST)

नई दिल्ली/ डेस्क। एक ओर जहां दिल्ली में कोरोना की रफ्तार कम हो चली है वहीं मुख्यमंत्री ने हर्ड इम्युनिटी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि दिल्ली के एक तिहाई लोगों ने हर्ड इम्युनिटी हासिल कर ली है। एक अखबार को दिए गए इंटरव्यू में सीएम केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली हर्ड इम्युनिटी की ओर बढ़ रही है। ये बात उन्होंने दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा कराए गए सीरो सर्वे के आधार पर की है।

 

दिल्ली के सभी 11 जिलों में करवाए गए सीरो सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार 23.48 प्रतिशत लोगों में कोरोना के एंटीबॉडीज मिली है। 27 जून से 10 जुलाई के बीच ये सीरो सर्वे करवाया गया था। कुछ दिन पहले ही इसकी रिपोर्ट सानमे आई है। दिल्ली के सीएम के अनुसार यदि जून में लगभग 24 प्रतिशत लोगों में हर्ड इम्युनिटी आ गई थी तो इसका मतलब है कि अब तक 30 से 35 प्रतिशत लोगों में ये आ गई होगी।


हालांकि सीएम ने ये भी कहा कि इस बारे में सटीक जानकारी विशेषज्ञ ही दे सकते हैं। लेकिन दिल्ली हर्ड इम्युनिटी को ओर बढ़ चली है ये बात तो साफ है। 2 करोड़ की आबादी वाली दिल्ली में लगभग 60 लाख लोग कोरोना के संपर्क में आ चुके हैं और ठीक भी हो चुके हैं। ये बात सीरो सर्वे के आंकड़ों के अनुसार अनुमानित है। बताया जा रहा है कि इस इंटरव्यू के दौरान सीएम केजीरवाल ने आने वाले समय में मेट्रो को खोलने के संकेत भी दिए हैं। हालांकि केंद्र की अनुमति के बिना ये संभव नहीं है। 

 

राजधानी में 1.09 लाख से ज्यादा लोग हुए ठीक
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों में अब धीमी गति से इजाफा हो रहा है। यहां गुरुवार को 24 घंटों में कोरोना के 1041 नए मामले सामने आए हैं और एक दिन में 26 मरीजों की जान गई है। इसके साथ ही राजधानी में संक्रमण के कुल मामले 1,27,364 हो गए हैं। संक्रमण के कुल मामलों में सक्रिय मामलों की संख्या 14,554 है। वहीं 1,09,065 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। यहां अब तक 3,745 लोगों की जान जा चुकी है। 

 

Murari Sharan

Advertising