''निर्भया के कातिल को सजा नहीं दे सकते...तो दिखाओ उसका चेहरा''

Wednesday, Nov 25, 2015 - 08:36 AM (IST)

नई दिल्ली: 16 दिसंबर, 2012 का दिन कोई नहीं भूल सकता। निर्भया गैंगरेप मामले को लगभग तीन साल पूरे होने वाले हैं। दिसंबर में ही निर्भया कांड का एक आरोपी आजाद होने वाला है। निर्भया के पिता ने अधिकारियों से अपील की है कि अगर उस आरोपी के खिलाफ कुछ नहीं हो सकता है, तो कम से कम उस किशोर रेपिस्ट का चेहरा दिखाया जाए। ऐसा माना जाता है कि सभी दोषियों में से सबसे क्रूर दोषी वही नाबालिग लड़का था और उस समय बालिग न होने की वजह से सुधार की सुविधा के साथ सिर्फ तीन साल की सजा दी गई।

निर्भया के पिता ने कहा कि आजाद होने वाला आरोपी समाज, महिलाओं और उनके परिवार के लिए खतरा है। कोई भी नहीं जानता कि वो कैसा दिखता है और उसमें कितना बदलाव आया इसलिए कम से कम उसका चेहरा तो समाज को दिखाना चाहिए।

55 साल के निर्भया के पिता के मुताबिक किशोर रेपिस्ट जिहादी बनने की राह पर हैं। ऐसे माहौल में उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता है। बाहर निकलने के बाद वह किसी भी लड़की पर हमला कर सकता है और निर्भया जैसे कांड को अंजाम दे सकता है। अपनी सजा काट कर बाहर निकलने वाला आरोपी अब 20 साल का है। उसने 5 अन्य लोगों के साथ मिल कर 16 दिसंबर 2012 की रात चलती हुई बस में निर्भया के साथ रेप किया। बाकी आरोपी विनय शर्मा, विनय कुमार, राम सिंह, मुकेश और पवन गुप्ता को दिल्ली हाई कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई। राम सिंह ने 2013 में तिहाड़ जेल में आत्महत्या कर ली थी।

Advertising