एअर इंडिया की फ्लाइट में महिला को नहीं दी व्हील चेयर, रेंगते हुए उतरी विमान से

Sunday, Jan 31, 2016 - 09:47 AM (IST)

नई दिल्ली: एअर इंडिया के विमान में यात्रा करने वाली एक दिव्यांग (निशक्त) महिला ने आरोप लगाया है कि एअर इंडिया की तरफ से उन्हें व्हील चेअर मुहैया नहीं कराया गया जिसके कारण उन्हें विमान से रेंगते हुए उतरना पड़ा। हालांकि एअर इंडिया ने अपने ऊपर लगे इन आरोपो को खारिज कर दिया है। यह घटना शुक्रवार शाम की है जब दिल्ली विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर अनीता घई देहरादून से एलायंस एयर (एयर इंडिया की क्षेत्रीय इकाई) के विमान से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर पहुंची। उन्होंने विमान से नीचे उतरने के लिए व्हील चेअर की मांग की।

अनीता ने आरोप लगाते हुए कहा ‘‘रात के सवा आठ बजे मैं व्हील चेअर की मांग करने के बाद अपने एक दोस्त के साथ धैर्य से इंतजार कर रही थी लेकिन साढे़ आठ बजे तक जब व्हील चेअर नहीं आया तो मैंने विमान के कमांडर से फिर से उसकी मांग की। लेकिन सुरक्षा कारणों से मुझे व्हील चेअर मुहैया नहीं कराया गया और मुझे रेंगते हुए विमान से उतर कर बस में जाना पड़ा। एअर इंडिया ने एक बयान जारी कर इन आरोपों को नकारते हुए कहा ‘‘हम उनके आरोपों का खंडन करते हैं।

एयर इंडिया में हम यात्री की सुरक्षा और आराम का पूरा ख्याल रखते हैं।’’ एअर इंडिया ने कहा कि विमान एयरपोर्ट की भवन से काफी दूर रनवे पर खड़ा था इसलिए व्हील चेअर लाने में थोड़ा समय लगा। एअर इंडिया ने दावा किया ‘‘ जब अनीत खुद ही विमान से उतरने लगी थी, तब हमारे कर्मचारियों ने उन्हें हवाई जहाज से बाहर निकलने में मदद की और विमान के दरवाजे के पास उन्हें व्हील चेयर मुहैया करा दिया गया था।’’  बयान में कहा गया ‘‘ अगर फिर भी हमारे यात्री को कोई असुविधा हुई है तो हम इस पर खेद प्रकट करते हैं।’’

Advertising