युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विधानसभा के बाहर प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Friday, Sep 07, 2018 - 12:21 AM (IST)

जयपुरः युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को राफेल लड़ाकू विमान सौदे में हुए भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी मुद्दे को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ विधानसभा के नजदीक प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिये हल्का बल प्रयोग किया। कांग्रेस विधायक और युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक चांदना के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सहकार मार्ग पर 22 गोदाम र्सिकल के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दो लोगों को हल्की चोट लगी।



चांदना ने बताया कि हमने केन्द्र द्वारा किये गये राफेल सौदे में हुए भ्रष्टाचार के मुद्दा उठाया है। इस भ्रष्ट सौदे के जरिये प्रधानमंत्री ने अपने दोस्तों को लाभ पहुंचाया है और हम इस मुद्दे को प्रदेश के प्रत्येक शहर, कस्बे में उठायेंगे ताकि लोगों को इस बारे में पता चल सके। विधानसभा भवन की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर और पानी की बौछारे डालकर खदेड़ा। क्षेत्र में कानून और व्यवस्था बनाये रखने के लिये अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।



विधानसभा में विपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी ने कहा कि भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकार के प्रति लोगों में असंतोष है क्योंकि दोनों सरकारों ने लोगों के साथ धोखा किया है और सरकार लोगों की आंकक्षाओं को पूरी करने में असफल रही है। डूडी ने कहा कि सरकार ईंधन की बढती कीमतों पर लगाम लगाने में असफल रही, युवा बेरोजगारी से परेशान है और किसान कर्ज से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार सहित ज्वलंत मुद्दों पर सफल प्रदर्शन किया है।

Yaspal

Advertising