यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष ने मोदी पर बोला हमला- लगाया यह आरोप

Friday, Apr 13, 2018 - 11:02 AM (IST)

जम्मू: यूथ कांग्रेस ने भाजपा के उपवास को लेकर वीरवार को जम्मू में प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेसियों ने सिर पर काली पट्टियां बांध कर केंद्र की राजग सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। यूथ कांग्रेसियों के प्रदर्शन से थोड़ी ही दूर डोगरा चौक में भाजपा के वरिष्ठ नेतागण उपवास पर बैठे हुए थे। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हाथापाई भी हुई। यूथ कांग्रेसियों का नेतृत्व करते हुए जम्मू-पुंछ लोकसभा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष ठाकुर होशियार सिंह ने भाजपा सरकार पर देशवासियों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी अपनी जुमलेबाजी और झूठे आश्वासनों से लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।

नागरिक 4 वर्षों से भाजपा की गलत नीतियों के कारण दुख सह रहे
सिंह ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी ने लोगों से किए एक भी वायदे को पूरा नहीं किया, जबकि भाजपा जात-पात और धर्म के नाम पर लोगों को विभाजित कर माहौल खराब कर रही है। जम्मू-कश्मीर और देश के नागरिक पिछले 4 वर्षों से भाजपा की गलत नीतियों के कारण दुख सह रहे हैं। कांग्रेस पर आरोप लगाकर भाजपा अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकती। यूथ कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने युवाओं को सबसे बड़ा धोखा दिया। भाजपा ने एस.सी., एस.टी. वर्ग के लिए आरक्षण में छेड़छाड़ करने की पूरी कोशिश की, लेकिन दलित वर्ग ने जोरदार विरोध किया।

यूथ कांग्रेसियों ने भाजपा को किया आगाह
यूथ कांग्रेसियों ने भाजपा को आगाह किया कि यदि जनविरोधी नीतियों का त्याग नहीं किया तो इससे उग्र आंदोलन के लिए तैयार रहे। गौरतलब है कि इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिन्द्र सिंह राजा बराड़ और सचिव एवं जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी शीशपाल सिंह तथा प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष प्रणव शगोत्रा के दिशा-निर्देशों पर यूथ कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में जम्मू-पुंछ लोकसभा यूथ कांग्रेस के सचिव रणजीत चोपड़ा मोहम्मद रफी, असैम्बली यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप गंडोत्रा, रिक्की दलौत्रा, सन्नी ठाकुर, गौरव हंस, विक्की कुमार, सुखदेव सिंह, पुरुषोत्तम सिंह व यासीर खान आदि शामिल थे। 

kirti

Advertising