Monsoon Emergency Kit : क्या आपके घर में है Monsoon Kit? तो नोट कर लें ये 7 चीजें, बीमारियों और आफत से रहेंगे दूर
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 12:24 PM (IST)
Monsoon Emergency Kit: मानसून की बारिश एक तरफ जहां आपके लिए राहत लेकर वहीं पर अपने साथ जलभराव, आंधी-तूफान और लंबे समय तक बिजली गुल रहने जैसी चुनौतियाँ भी लाती हैं। कई बार मानसून की मूसलाधार बारिश के बीच किसी इमरजेंसी की स्थिति आने पर घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में आपको अपने घर पर एक Monsoon Emergency Kit रखनी चाहिए ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में आपको थोड़ी आसानी हो सके। तो आइए जानते हैं कि इस किट में क्या- क्या शामिल होना चाहिए
रेडी-टू-ईट खाना और साफ पानी
बारिश के मौसम में जलभराव होने के कारण कई बार घरों में गंदा पानी आना शुरु हो जाता है। इसलिए घर में कम से कम 3 दिनों के लिए पीने का पानी जरुर स्टोर करके रखें। इसके अलावा अपने पास कुछ ऐसा खाना भी रखें, जिन्हें बनाने केलिए गैस की जरुरत न पड़े और न ही लंबे समय तक खराब हो।

First-Aid और जरुरी दवाइयाँ
बदलते मौसम को देखते हुए घर में बुखार, सर्दी-खांसी और पेट दर्द के लिए किट में पैरासिटामोल, ORS के पैकेट, एंटीसेप्टिक लिक्विड, बैंडेज और थर्मामीटर रखें। इसके अलावा अगर आपके घर में बुजुर्ग हैं तो उनकी 1 हफ्ते की दवाइयां पहले से ही लाकर रखें।
पावरबैंक और इमरजेंसी लाइट रखें पास
मानसून में मूसलाधार और भारी बारिश के बीच और आंधी तूफान के बीच काफी लंबे समय के लिए बिजली कट जाती है। इसलिए घर में एक अच्छी टॉर्च, एक्स्ट्रा बैटरी और चार्ज्ड इमरजेंसी लाइट तैयार रखें। फोन की बैटरी को बैकअप देने के लिए पावर बैंक को हमेशा चार्ज रखें ताकि संकट के समय आप अपनों और प्रशासन से संपर्क में रह सकें।
महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा
बाढ़ या घरों में पानी घुसने की स्थिति में घर में रखे जरुरी कागज सबसे पहले खराब होते हैं। इसलिए अपने पहचान पत्र, बीमा के कागजात, बैंक पासबुक और मेडिकल रिपोर्ट्स को किसी जिपलॉक बैग या वॉटरप्रूफ फोल्डर में सेफ कर लें। इसके अलावा इन्हें अपने फोन में फोटो खींचकर डिटिजल तौर पर भी सेफ कर लें।
स्वच्छता और व्यक्तिगत हाइजीन
मानसून के मौसम में कोई भी इन्फेक्शन हो बहुत तेजी से फैलता है। इसलिए अपनी किट में सैनिटाइज़र, कीटाणुनाशक, साबुन, टिशू पेपर और सैनिटरी पैड्स जरूर शामिल करें।
गैजेट कवर
अचानक बाहर निकलना पड़े तो छाता, रेनकोट और वॉटरप्रूफ जूते बिल्कुल सुलभ जगह पर होने चाहिए। अपने पास प्लास्टिक जिपर भी रखें, ताकि अपने मोबाइल, लैपटॉप या कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामानों को भीगने से बचा सकें।

आपातकालीन संपर्क नंबर
संकट के समय कई बार फोन काम नहीं करते या नेटवर्क चला जाता है। अपने पास एक डायरी में लोकल पुलिस, एम्बुलेंस, नजदीकी अस्पताल, डॉक्टर और बिजली विभाग के नंबर लिखकर दीवार या फ्रिज पर चिपका दें।
