कर्नाटक में अपनी विफलता छुपाने के लिए BJP पर दोष मढ़ रही कांग्रेस: येदियुरप्पा

Thursday, Jan 17, 2019 - 05:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि उनकी पार्टी का कोई भी सदस्य कांग्रेस-जदएस गठबंधन सरकार को गिराने के किसी अभियान में शामिल नहीं है।      कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस-जदएस गठबंधन और भाजपा के बीच जारी शक्ति संघर्ष में दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगा रहे हैं। 


पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई में मौजूद गठबंधन के विधायकों से भाजपा का कुछ लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और जदएस अपने समूह को एकजुट रखने में अपनी विफलता और अक्षमता को छिपाने के लिए उन पर दोष मढऩे का प्रयास कर रहे हैं। येदियुरप्पा ने कहा कि हमने अपने सभी विधायकों को एक स्थान पर एकत्र कर पिछले-दो तीन दिनों में आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। आज सभी वापस आ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि वे संविधान की बात कर रहे हैं, लेकिन सभी जानते हैं कि 1960 से वे इससे कैसे खिलवाड़ करते रहे हैं। कांग्रेस और जदएस में आंतरिक संघर्ष काबू से बाहर है... अपनी आंतरिक लड़ाई पर पर्दा डालने के लिए उन्हें भाजपा पर दोष नहीं मढऩा चाहिए। 


पिछले कुछ दिनों से अपने 104 विधायकों के साथ नई दिल्ली और गुरुग्राम में रह रहे येदियुरप्पा तुमकुरु जिले में स्थित सिद्धगंगा मठ के प्रमुख 111 वर्षीय शिवकुमार स्वामीजी के दर्शन करने के लिए शहर वापस आए। उन्होंने कहा कि वो कौन होते हैं यह पूछने वाले कि हम कहां जा रहे हैं? आप हम पर दोष क्यों मढ़ रहे हैं, आप अपने विधायकों को एकजुट रखने का प्रयास करिये? 


येदियुरप्पा ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया पर निशाना साधते हुए कहा कि चामुंडेश्वरी विधानसभा के लोगों द्वारा सबक सिखाये जाने के बाद भी उन्होंने कुछ नहीं सीखा।  मई में हुए विधानसभा चुनाव में सिद्धरमैया चामुंडेश्वरी सीट से हार गए थे, हालांकि बादामी सीट पर उन्होंने जीत दर्ज की थी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा पर निशाना साधते हुए उन्हें एक राजनीतिक अवसरवादी करार दिया।  
     

vasudha

Advertising