मोदी सरकार के अन्याय के खिलाफ प्रदर्शन तेज करेगी माकपा: येचुरी

Saturday, Mar 17, 2018 - 07:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने आज कहा कि भाजपा सरकार के कथित अन्याय के खिलाफ जन संघर्ष तेज करने के लिए उनकी पार्टी देश भर में और विरोध-प्रदर्शन करने की योजना बना रही है। दिल्ली में आज अपने पोलित ब्यूरो की दो दिवसीय बैठक संपन्न करने वाली माकपा ने 22वीं पार्टी कांग्रेस के लिए राजनीतिक संगठनात्मक रिपोर्ट पर चर्चा पूरी कर ली। यह रिपोर्ट माकपा की 21वीं पार्टी कांग्रेस के बाद राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्य को अमली जामा पहनाने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा है।

बैठक के दौरान माकपा ने महाराष्ट्र में हाल में हुई किसानों की रैली को सराहा। पार्टी के किसान संगठन की ओर से यह रैली आयोजित की गई थी। माकपा का मानना है कि संघर्षों और आंदोलनों के जरिए देश भर में लोगों का समर्थन जुटाने के लिए ऐसी पहल जरूरी हैं। येचुरी ने पत्रकारों को बताया कि महाराष्ट्र में किसानों का मार्च रातोंरात हुई घटना नहीं है। यह तीन साल की कठिन मेहनत का परिणाम है और पिछले संघर्षों के दो दौर महाराष्ट्र में हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में हमने किसानों का बड़ा प्रदर्शन किया था। देश भर में 200 से ज्यादा वाम संगठनों की ओर से आयोजित भूमि अधिकार आंदोलनों के तहत हमने बड़े प्रदर्शन किए हैं।

Punjab Kesari

Advertising