इस साल गर्मी तोड़ेगी सारे रिकॉर्ड, मार्च में ही 40 के पार पहुंच सकता है पारा
punjabkesari.in Friday, Feb 28, 2025 - 11:07 AM (IST)

नेशनल डेस्क. आम तौर पर मार्च महीने में होली के आसपास गुलाबी ठंड का अहसास होता है, लेकिन इस बार मार्च में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले महीने की गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मार्च में असामान्य और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने की संभावना है। इस दौरान देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि इस साल मार्च में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों औसत से अधिक रहेगा। दिन और रात दोनों ही समय में तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। मार्च के अधिकांश दिनों में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और दूसरे सप्ताह के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है।
74 साल में सबसे गर्म रात
इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि फरवरी में दिल्ली का तापमान 74 साल का रिकॉर्ड तोड़ चुका है। बुधवार रात को अब तक की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। दिल्ली के सफदरजंग में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 1951 से 2025 के बीच इस महीने का सबसे अधिक तापमान था। मौसम विभाग के पास 1951 से पहले का कोई डेटा उपलब्ध नहीं है।