मास्क ना पहनने वालों का चालान करने दिल्ली की सड़कों पर उतरे यमराज !

Tuesday, Sep 29, 2020 - 09:04 PM (IST)

नई दिल्लीः कोरोना से बचने के लिए नई दिल्ली जिला प्रशासन ने मास्क लगाने के लिए एक अनोखा अभियान चलाया है। ‘आप मास्क चुनेंगे या यमराज’ अभियान के तहत दिल्ली के कनॉट प्लेस में जिला प्रशासन की टीम के दो कलाकार यमराज और चित्रगुप्त की वेशभूषा में नजर आए और मास्क नहीं लगाने वालों का चालान किया।

देश और दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर प्रशासन सजग है। नई दिल्ली जिला प्रशासन की तरफ से आज दिल्ली के कनॉट प्लेस में उन लोगों के चालान किए गए, जिन्होंने मास्क नहीं लगाया था। इसके लिए प्रशासनिक टीम ने दो कलाकार को यमराज और चित्रगुप्त की वेशभूषा धारण कराई।

इनके द्वारा लोगों को यह संदेश देने कू कोशिश की गई कि मास्क नहीं लगाने पर आप कोरोना संक्रमण के शिकार हो सकते हैं, जिसमें मौत भी हो सकती है और यमराज के पास पहंच सकते हैं। इसलिए आपको मास्क और यमराज दोनों में किसी एक को चुनना है। जो लोग यहां बिना मास्क के दिखा उसका यमराज ने चालान किया।

नई दिल्ली जिले के एसडीएम डॉक्टर नितिन शाक्या ने बताया कि ये देखने में आ रहा है कि लोग मास्क को लेकर लापरवाही दिखा रहे हैं। इसके लिए हमने ये अनोखा अभियान चलाया है, जिसमें प्रशासन की अधिकृत टीम के साथ यमराज मास्क ना पहनने वालों का खुद चालान कर रहे हैं। हम ये अभियान इसलिए चला रहे हैं ताकि मास्क लगाना लोगों की आदत में शुमार हो जाए।

गौरतलब है कि दिल्ली में अभी कोरोना का खतरा बना हुआ है। राजधानी दिल्ली में अब तक कोरोना के 271114 मामले और 5235 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके देखते हुए नई दिल्ली जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान शुरू किया है।

 

Yaspal

Advertising