गुजरात बोर्ड का कारनामा, किताब में लिखा- राम ने किया था सीता का अपहरण

Friday, Jun 01, 2018 - 03:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राम नाम की महिमा का गुनगाण बहुत सारे हिंदू शास्त्रों में हुआ है लेकिन गुजरात बोर्ड की 12वीं कक्षा की संस्कृत की एक किताब में रामायण को लेकर एक अलग ही तथ्य बताया गया है। दरअसल इस किताब के अनुसार सीता का अपहरण रावण ने नहीं बल्कि राम ने किया था। ये गलती संस्कृति के प्रसिद्ध कवि कालिदास की रचना 'रघुवंशम्' के अंश में हुई है।

किताब 'इंट्रोडक्शन टु संस्कृत लिट्रेचर' के पृष्ठ संख्या 106 पर लिखा गया है कि यहां कवि ने अपनी मौलिक सोच और विचार से राम के चरित्र की बेहतरीन तस्वीर खींची है। राम द्वारा सीता का अपहरण कर लिए जाने के बाद लक्ष्मण द्वारा राम को दिए गए संदेश का दिल छू जाने वाला वर्णन किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह गलती किताब का अनुवाद करने वाले से हुई है जिसने रावण की जगह राम लिख दिया। 

विवाद बढ़ता देख पुस्तक मंडल ने अपनी भूल स्वीकार कर ली। वहीं दूसरी ओर गुजरात पाठ्य पुस्तक बोर्ड के चेयरमैन नितिन पेठानी ने कहा कि प्रूफ रीडर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस गलती को अभी ऑनलाइन सुधार कर लिया गया है। हालांकि यह गड़बड़ी सिर्फ अंग्रेजी माध्यम के छात्रों की किताबों तक ही सीमित है। गुजराती पाठ्य पुस्तक में ऐसी कोई गड़बड़ी नहीं है।
 

vasudha

Advertising