मशहूर पहलवान के घर गूंजी किलकारी, महाशिवरात्रि पर दिया बेटी को जन्म, बोलीं- 'घर आई नन्ही पार्वती'

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 08:40 AM (IST)

नई दिल्ली : भारत की स्टार पहलवान और भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता बबीता फोगाट के घर महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक नन्ही परी ने जन्म लिया है। बबीता फोगाट और उनके पति विवेक सुहाग दूसरी बार माता-पिता बने हैं। इस खुशखबरी को बबीता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर अपने प्रशंसकों के साथ साझा करते हुए अपनी बेटी को 'देवी पार्वती का रूप' और परिवार के लिए 'अनमोल आशीर्वाद' बताया है।

बेटी के जन्म को अनमोल आशीर्वाद बताते हुए बबीता ने कहा कि बेटी के स्वागत की खुशी शब्दों से परे है और उन्होंने नवजात बच्ची के लिए अपने फॉलोअर्स से आशीर्वाद मांगा। बबीता फोगाट ने X पर लिखा, महादेव की कृपा देखिए - शिवरात्रि के पवित्र अवसर पर, एक नन्ही परी - पार्वती का रूप लिए एक बेटी - मेरे जीवन में आई है। अपनी बेटी के स्वागत की खुशी मेरे और मेरे परिवार के लिए एक अनमोल आशीर्वाद है। यह एहसास और खुशी शब्दों से परे है। मैं आप सभी का आशीर्वाद चाहती हूं।

 

बता दें कि यह बेटी उनकी दूसरी संतान है। इस जोड़े ने जनवरी 2021 में अपने पहले बच्चे एक बेटे का स्वागत किया था। बबीता ने 2019 में विवेक सुहाग से शादी की थी। कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली बबीता को तब देश भर में पहचान मिली जब उनकी ज़िंदगी की कहानी से प्रेरित होकर बॉलीवुड फिल्म 'दंगल' में एक किरदार बनाया गया। बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहीं। बेटी के जन्म के बाद बबीता और विवेक को परिवार, दोस्तों और फैंस से बधाई संदेश और आशीर्वाद मिल रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News