नहीं रही दुनिया की सबसे वजनी महिला, अबु धाबी में इलाज के दौरान निधन

Monday, Sep 25, 2017 - 02:10 PM (IST)

मुंबईः दुनिया की सबसे भारी महिला इमान अहमद की अबू धाबी में इलाज के दौरान मौत हो गई। मिस्र की रहने वाली इमान ने एक हफ्ते पहले अपना 37वां जन्मदिन मनाया था। अबू धाबी के बुर्जिल अस्पताल में वजन कम करने के लिए उनका इलाज चल रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक आज सुबह 4 बजकर 35 मिनट पर उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक लगातार बिगड़ती स्थिति की वजह से उनकी मौत हुई।

इमान की किडनियों ने भी काम करना बंद कर दिया था, साथ ही उन्हें दिल की बीमारी भी हो गई थी। अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगभग 20 स्पेशलिस्ट डॉक्टर इमान का इलाज कर रहे थे।

बता दें कि जब इमान सबसे पहले इलाज के लिए मुंबई आई थी तब उनका वजन 500 किलोग्राम से ज्यादा था। मुंबई के सैफी अस्पताल ने इमान की मुफ्त सर्जरी करके उनका वजन 300 किलोग्राम कम किया गया। मुंबई में तीन महीने तक रहने के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के वीपीएस हेल्थकेयर के बुर्जील अस्पताल में भर्ती कराया गया।
 

इमान को भारत से विदा करते हुए मुंबई के सैफी अस्पताल के डॉक्टर मुफज्जल लकड़वाला और अन्य स्टॉफ काफी इमोशनल हो गए थे। दरअसल इमान की बहन ने आरेप लगाया था कि डॉक्टर उनका सही से ध्यान नहीं रख रहे और उसे बिना ठीक किए वापिस मिस्त्र भेजना चाहते हैं लेकिन डॉक्टर मुफज्जल लकड़वाला ने आरोपों को नकारा था। इसी विवाद के बाद अबू धाबी भेजा गया था।

 

Advertising