ऑफ द रिकार्ड: दुनिया का सबसे महंगा होगा 2019 का लोकसभा चुनाव, दोगुने खर्च की उम्मीद

Monday, Apr 15, 2019 - 05:43 AM (IST)

इलेक्शन डेस्क: लोकसभा चुनाव भारत के इतिहास का ही नहीं, दुनिया का अब तक का सबसे महंगा चुनाव साबित होने वाला है। चुनाव खर्च के बारे में भारत और अमरीकी रिसर्चर दावा कर चुके हैं कि राजनीतिक दल और उम्मीदवार निर्धारित रकम से कई गुना ज्यादा रकम खर्च कर रहे हैं। चुनाव जीतने के लिए पैसा जुटाने और खर्च करने के वैध-अवैध सभी रास्ते अपनाए जा रहे हैं। यह साफ हो गया है कि दुनिया के किसी भी लोकतांत्रिक देश के मुकाबले भारत के आम चुनाव अधिक महंगे साबित होंगे। 

एक अनुमान के अनुसार 2014 के लोकसभा चुनाव में 6000 करोड़ रुपए खर्च हुए थे लेकिन इस बार इससे दोगुने खर्च की बात कही जा रही है। 2014 के लोकसभा चुनाव में खर्च करने के मामले में भाजपा सबसे आगे रही। चुनाव आयोग को तब उसने 714 करोड़ रुपए खर्च का हिसाब दिया था जबकि उस समय की सत्ताधारी कांग्रेस ने 516 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए। राष्ट्रीय पाॢटयों में बसपा ने 42.29 करोड़, एन.सी.पी. ने 51.34 करोड़ और सी.पी.एम. ने 18.69 करोड़ रुपए खर्च किए।

सबसे अधिक खर्च करने वाली भाजपा ने स्टार प्रचारकों को हवाई मार्ग से लाने-ले जाने के लिए 116 बार हैलीकॉप्टर और प्राइवेट एयरक्राफ्ट बुक किए थे जिन पर पर 77.83 करोड़ रुपए खर्च हुए। इसके अलावा अन्य नेताओं के चुनावी कार्यक्रमों के लिए 22 अतिरिक्त उड़ानों पर 10.90 करोड़ रुपए खर्च आया। पिं्रट, इलैक्ट्रॉनिक, एस.एम.एस., केबल, वैबसाइट और टी.वी. चैनलों पर 691 प्रचार अभियान चलाए गए जिन पर पार्टी ने 304.50 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम खर्च की। बैनर, पोस्टर, स्टिकर, बिल्ले, होल्डिंग्स, झंडे जैसी प्रचार सामग्री पर 40 मदों में 14.61 करोड़ रुपए खर्च किए गए। एल.ई.डी. स्क्रीन पर 70.68 करोड़ रुपए, पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय द्वारा 8.50 करोड़ रुपए कॉल सैंटर पर खर्च किए गए। 

पार्टी ने उम्मीदवारों को चुनाव के लिए काफी रकम दी। भाजपा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इसमें से 20 लाख अरुणाचल प्रदेश के तापिरगाव को, झारखंड से सांसद और मौजूदा केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा को 45 लाख और मणिपुर के गंगमुमेई कामेई को 25 लाख रुपए दिए गए। 23.26 करोड़ रुपए की रकम राज्य इकाइयों को दी गई। 

516 करोड़ रुपए से अधिक खर्च करने वाली कांग्रेस ने 369 करोड़ रुपए पार्टी और 1.63 करोड़ रुपए उम्मीदवारों पर खर्च किए। 51 करोड़ रुपए राज्य इकाइयों को दिए गए। 104.64 करोड़ रुपए स्टार प्रचारकों की हवाई यात्राओं पर खर्च हुए। 1.37 करोड़ रुपए अन्य यात्राओं पर खर्च किए गए। विज्ञापन पर 231.2 करोड़ और 11.32 करोड़ रुपए प्रचार सामग्री पर खर्च हुए। पार्टी ने चुनावी रैलियों पर भी 21.01 करोड़ रुपए खर्च किए। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अंबिका सोनी और अजय माकन के चुनाव पर भी पार्टी ने 1.50 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए। इसके अलावा राहुल और सोनिया गांधी की चुनाव प्रचार सामग्री पर 13.25 लाख और 50,200 रुपए खर्च किए गए। 57.86 करोड़ रुपए चुनाव प्रचार पर खर्च किए गए।

Pardeep

Advertising