Odd-Even में महिलाओं को छूट, पर पुरुषों को दी 'लिफ्ट' तो लगेगा जुर्माना!

Sunday, Oct 13, 2019 - 04:02 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में 4 नवंबर से शुरू हो रही ऑड-ईवन योजना में महिलाओं को छूट दी जाएगी। यह योजना 15 नवंबर तक चलेगी। महिलाओं को मिली इस छूट पर एक ट्विस्ट भी है कि महिला चालक के साथ किसी पुरुष यात्री के सवार होने पर इसे नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। महिलाओं को मिलने वाली छूट तभी मान्य होगी, जब गाड़ी में सभी महिलाएं हों या फिर 12 साल तक या उससे कम उम्र का कोई बच्चा बैठा हो। अगर गाड़ी कोई महिला चला रही है, लेकिन साथ में कोई पुरुष यात्री सवार है, तो उसे नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि जो कारें महिलाएं चला रही हों या जिन कारों में सभी महिलाएं सवार हों और महिलाओं के साथ 12 साल से कम उम्र का बच्चा जिस गाड़ी में होगा, उसे छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह निर्णय किया गया है। उन्होंने कहा कि दो पहिया वाहनों को योजना के तहत छूट दी जाए या नहीं इस पर निर्णय किया जाना है और इस पर विशेषज्ञों से चर्चा चल रही है। केजरीवाल ने कहा कि दो पहिया वाहन प्रदूषण करते हैं और हमारा मानना है कि सम-विषम के तहत उन्हें छूट नहीं देनी चाहिए, लेकिन दिल्ली में दो पहिया गाड़ियों की संख्या को देखते हुए, उनमें से आधी को सड़कों से हटा देना अव्यावहारिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मकसद (योजना का) उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने का नहीं है, लेकिन उनसे नियमों का पालन करने का अनुरोध करते हैं, लेकिन नियम का उल्लंघन करने वालों पर नए मोटर यान अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया जाएगा। हम जुर्माने की राशि पर विचार कर रहे हैं। वहीं केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में तीसरी बार लागू की जा रही योजना में निजी सीएनजी वाहनों को इस बार छूट नहीं दी जाएगी। हालांकि पिछली दो बार सीएनजी गाड़ियों को छूट दी गई थी।

Seema Sharma

Advertising