एकतरफा प्यार में हैवानियत: प्रपोजल रिजेक्ट होते ही 12वीं के छात्र ने लेडी टीचर के काट दिए होंठ!
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 09:47 PM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक निजी स्कूल की महिला शिक्षिका पर कक्षा 12 के छात्र ने बेहद क्रूर हमला किया। आरोपी छात्र पर आरोप है कि वह लंबे समय से शिक्षिका को परेशान कर रहा था और विरोध करने पर उसने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं।
घटना 20 जनवरी 2026 की बताई जा रही है, हालांकि अब पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी छात्र फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पहले भी करता था परेशान, स्कूल बदलने पर भी नहीं रुका
पीड़िता पहले आगरा रोड स्थित एक निजी स्कूल में अध्यापन कार्य कर रही थीं। इसी स्कूल में पढ़ने वाला छात्र अखंड प्रताप कथित तौर पर बार-बार अशोभनीय व्यवहार करता था। शिक्षिका ने इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन और छात्र की मां को भी दी थी, जहां से सुधार का भरोसा दिया गया।
इसके बाद शिक्षिका ने स्कूल बदलकर मैनपुरी शहर के ज्योति रोड स्थित दूसरे स्कूल में पढ़ाना शुरू किया, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा करना बंद नहीं किया। आरोप है कि वह रोजाना रास्ते में परेशान करता और अभद्र हरकतें करता रहा।
20 जनवरी को रास्ते में रोककर किया जानलेवा हमला
20 जनवरी को शिक्षिका ज्योति रोड पर एक छात्र को ट्यूशन पढ़ाने जा रही थीं। रास्ते में पहले से मौजूद अखंड प्रताप ने हथियारों के बल पर उन्हें रोक लिया। उसने फिर से होंठ छूने की कोशिश की। विरोध करने पर छात्र ने धारदार हथियार से चेहरे पर वार कर दिया, जिससे शिक्षिका के दोनों होंठ कट गए और वे बुरी तरह घायल हो गईं।
उन्हें पहले मैनपुरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर आगरा के पुष्पांजलि अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया गंभीर धाराओं में केस
पीड़िता के भाई की तहरीर पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महिला की गरिमा से जुड़ी धाराएं, जानलेवा हमला और धारदार हथियार से चोट से संबंधित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया गया है।
