शादी को लेकर वीडियो कॉल पर दी थी धमकी, कुछ घंटे बाद फ्लैट में मृत मिली महिला; जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 02:38 AM (IST)

हैदराबादः हैदराबाद में रविवार सुबह 29 वर्षीय एक महिला अपने फ्लैट में मृत पाई गई। पुलिस ने बताया कि महिला ने शादी को लेकर अपने एक सहकर्मी के साथ वीडियो कॉल के दौरान कथित तौर पर अपनी जान देने की धमकी दी थी। पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश की रहने वाली महिला शहर में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में 'सीनियर एसोसिएट' के पद पर कार्यरत थी। वह उत्तराखंड के निवासी अपने सहकर्मी के साथ पिछले चार साल से रिश्ते में थी।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के सहकर्मी का तलाक का मामला चल रहा था। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने सहकर्मी को उस समय वीडियो कॉल की, जब वह अपनी मां के साथ एक समारोह में था। कॉल के दौरान महिला ने उसे छत के पंखे से बंधा दुपट्टा दिखाया और कथित तौर पर धमकी दी कि यदि उसने उससे शादी नहीं की, तो वह अपनी जान दे देगी।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद महिला का सहकर्मी सुबह करीब साढ़े पांच बजे महिला के फ्लैट पर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। डायल 112 के जरिए सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा जबरन खोलकर अंदर प्रवेश किया, जहां महिला छत के पंखे से लटकी हुई मिली। पुलिस की साक्ष्य जुटाने वाली टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किए जाने के बाद महिला के शव को उस्मानिया जनरल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News