झारखंड में टाटा बॉय-बॉय कहने वाली है ठंड! दिन में गर्मी व रात में हल्की सर्दी का होगा एहसास, आने वाले दिनों में इतने डिग्री रह सकता Temperature
punjabkesari.in Wednesday, Jan 21, 2026 - 02:02 PM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में इस बार रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ी है। कड़ाके की ठंड ने लोगों के मुंह से हाय तोबा निकलवा दी है। वहीं, झारखंड के लोगों को ठंड से जल्द ही राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों में मौसम ड्राई रह सकता है।
दोपहर में धूप के कारण मौसम सुहाना रह सकता है
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन के टेंपरेचर में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है, जबकि रात के टेंपरेचर में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस की जाएगी, लेकिन दोपहर में धूप के कारण मौसम सुहाना रह सकता है। मैक्सिमम टेंपरेचर में बढ़ोतरी के कारण दोपहर में गर्मी महसूस होगी, जबकि मिनिमम टेंपरेचर में उतार-चढ़ाव के चलते सुबह और रात हल्की ठंड बनी रहेगी।
20 और 21 जनवरी को तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे जिलों में मैक्सिमम टेंपरेचर 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। गोड्डा और पाकुड़ में 20 और 21 जनवरी को तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। मिनिमम टेंपरेचर 9 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
बीते 24 घंटों में क्या रहा तापमान
बीते 24 घंटों में चाईबासा का अधिकतम तापमान 30.4°C (सामान्य से 5.2°C अधिक) रहा, जो सबसे ज्यादा था। खूंटी में न्यूनतम 5.1°C दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम 26.6°C (सामान्य से 2.4°C अधिक) और न्यूनतम 8.4°C रहा। जमशेदपुर और डालटनगंज में क्रमशः 28°C व 28.8°C तापमान दर्ज हुआ। कई जगहों पर अधिकतम तापमान में 2.1-4.0°C की वृद्धि देखी गई। मौसम पूर्वानुमान पदाधिकारी ने बताया कि शुष्क मौसम जारी रहेगा, इसलिए ठंड से जुड़ी कोई विशेष सलाह जरूरी नहीं। लोग गर्म कपड़े पहनकर सुबह बाहर निकलें।
