Prashant Kishor News : क्या राजनीति छोड़ देंगे प्रशांत किशोर? सवाल करने वालों को मिला करारा जवाब

punjabkesari.in Monday, Nov 17, 2025 - 12:57 AM (IST)

नेशनल डेस्कः बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे प्रशांत किशोर (PK) और उनकी नई पार्टी जनसुराज के लिए भले ही सही न उतरे हों लेकिन जिन इरादों के साथ प्रशांत किशोर चुनावी रण में उतरे थे वो चर्चा का विषय थे। प्रशांत किशोर ने बिहार के छोटे से छोटे गांव में जाकर युवाओं को यह एहसास करवाने का प्रयत्न किया कि शिक्षा और रोजगार की कीमत कितनी बड़ी है। प्रशांत किशोर नहीं चाहते हैं कि बिहार के युवाओं को बाहरी राज्यों में जाकर काम करना पड़े। हालांकि बिहार की जनता ने उनको उतना समर्थन नहीं दिया जितना कि सबको अनुमान था। 

नतीजे पक्ष में नहीं आए तो सोशल मीडिया पर प्रशांत किशोर से सवाल किया जाने लगा कि क्या वो राजनीति छोड़ देंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि एक इंटरव्यू में दावा किया था कि 'JDU को 25 सीट भी नहीं आएगी, अगर आती है तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।'  लेकिन नतीजों में JDU को 85 सीटें मिलीं, जो PK के दावे से कई गुना अधिक है। इस पर अब जनसुराज पार्टी की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

'PK राजनीति नहीं छोड़ेंगे' – जेएसपी अध्यक्ष उदय सिंह 
जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने साफ कहा, “बिल्कुल नहीं, वो राजनीति नहीं छोड़ेंगे। आप लोग क्यों चाहते हैं कि वह राजनीति छोड़ दें? अगर प्रशांत किशोर और जनसुराज जैसी पहल खत्म हो जाए, तो क्या आपको खुशी होगी? PK को राजनीति क्यों छोड़नी चाहिए? यह आश्चर्यजनक है कि लोग इस पर इतना जोर दे रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी निराश नहीं है और हार के बाद भी मिशन जारी रहेगा, बिहार बदलाव का वादा पूरा किया जाएगा।

बता दें प्रशांत किशोर ने 2022 में “जनसुराज यात्रा” शुरू की थी और 2 अक्टूबर 2024 को पार्टी का औपचारिक गठन हुआ था। 2025 में जनसुराज ने 238 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन 236 सीटों पर उनकी जमानत जब्त हो गई जो कि एक गंभीर राजनीतिक झटका माना जा रहा है। 

महिलाओं को नकद वितरण से NDA को फायदा – उदय सिंह 
उदय सिंह ने एनडीए की जीत की बड़ी वजह यह बताई कि नीतीश कुमार की सरकार ने महिलाओं को बड़े पैमाने पर नकद सहायता दी। यह स्कीम वोटरों में बहुत प्रभावी रही लेकिन उन्होंने कहा कि इसका राज्य की अर्थव्यवस्था पर बड़ा बोझ पड़ेगा। उदय सिंह के अनुसार “यह समझ से बाहर है कि बिहार इस कर्ज के चक्र से कैसे निकलेगा।” उन्होंने दोहराया कि जनसुराज अपने दीर्घकालिक मिशन पर काम करता रहेगा। 

एनडीए को चुनाव में मिली बड़ी जीत 
एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनाव में 202 सीटों पर बाजी मारी। भारतीय जनता पार्टी को 89 सीटें मिलीं, जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल यूनाइटेड ने 85 सीटें जीतीं। चिराग पासवान की एलजेपी-आरवी ने 19 सीटें जीतीं। महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों पर ही सिमट कर रह गया। राष्ट्रीय जनता दल ने 25 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस पार्टी महज 6 ही सीटें जीत पाई।  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep