कांग्रेस में 50% पदों पर युवाओं का हक, अध्यक्ष बनते ही खड़गे का ऐलान-50 साल से कम उम्र वालों को देंगे मौका

Wednesday, Oct 26, 2022 - 01:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी की कमान संभालते ही बड़ा ऐलान किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने युवाओं को देश की उम्मीद बताते हुए कहा कि युवा वर्ग के महत्व को समझते हुए उदयपुर सम्मेलन में पार्टी ने संघठन में 50% पदाधिकारी 50 साल से कम उम्र के नियुक्त करने का फैसला किया था। उनका कहना था कि वह पार्टी के हर फैसले का सम्मान करेंगे औ ब्लॉक तथा जिला स्तर पर पार्टी पदाधिकारियों की नियुक्तियों का काम पूरा करेंगे।

 

कांग्रेस करेंगे मजबूत

खड़गे ने पार्टी की निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने निस्वार्थ भाव से कांग्रेस को मजबूत बनाने का काम किया है। सोनिया गांधी के कारण ही देश की जनता को मनरेगा, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा जैसे अधिकार मिल सके हैं। उन्होंने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि किसी ने सोचा नहीं होगा कि देश में कभी नफरत और झूठ फैलाने वाली सरकार आएगी लेकिन कांग्रेस संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए देश को नुकसान पहुंचाने वालों का मुकाबला करेगी।

 

मोदी सरकार की मनमानी और अराजकता के कारण देश में बड़ा संकट पैदा हो गया है और संकट के इस दौर में सभी को देश को मिलकर आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए। भारत जोड़ो यात्रा के आयोजन के लिए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि वह इस यात्रा में हर वर्ग के व्यक्ति से मिलकर उससे बातचीत कर रहे हैं और उनके सलाह मशवरा कर रहे हैं।

 

पार्टी के लिए इसे बहुत बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक कि भारत जोड़ो यात्रा में हर रोज हजारों लोग शामिल हो रहे हैं। इससे पार्टी में नई ऊर्जा पैदा हो रही है और कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के नाते वह इस ऊर्जा को बेकार नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हर मुश्किल का सामना किया है और उन्हें लगता है कि पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता इन चुनौतियों से गुजरते हुए आगे बढ़ता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्त्ताओं को विश्वास दिलाया कि वह कांग्रेस के हर कार्यकर्त्ता और नेता के साथ मिलकर देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों का मुकाबला करेंगे।
 

seema

Advertising