केजरीवाल का बड़ा ऐलान, MCD चुनाव जीते ताे खत्म करेंगे हाउस टैक्स

Saturday, Mar 25, 2017 - 02:21 PM (IST)

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज नगर निगम चुनाव में जीत मिलने पर हाउस टैक्स खत्म करने की घोषणा की। केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए कहा, अगर उनकी पार्टी नगर निगम चुनाव जीतती है तो हाउस टैक्स को समाप्त कर दिया जाएगा और पिछला बकाया राशि को माफ कर दिया जाएगा, लेकिन वाणिज्यिक और औद्योगिक कर बने रहेंगे। मुख्यमंत्री ने यह दावा किया कि उनकी पार्टी निगम चुनाव जीतने पर एक साल के अंदर दिल्ली नगर निगम को घाटे से उबार के दिखाएगी। उन्होंने कहा, हमें विश्वास है कि नगर निगम चुनाव जीतने पर एक साल के अंदर नगर निगम को लाभ वाला विभाग बना दिया जाएगा और कर्मचारियों को नियमित रूप से महीने की 7 तारीख को वेतन मिल जाएगा। 

भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई
केजरीवाल ने कहा ने कहा कि निगम के भ्रष्ट और आम लोगों को तंग करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में बिजली के दाम आधे करने के पार्टी ने जो दावे किए थे वे हमने पूरा किया। आप सरकार ने पानी मुफ्त करने का जो वादा किया था उसे पूरा किया और 20 हजार लीटर पानी हर परिवार को मुफ्त दिया। 178 करोड़ का रेवेन्यू भी जल बोर्ड को मिल रहा है। 3 मिलियन गैलन पानी की बचत रोजाना होने लगी है। गौरतलब है कि आप निगम चुनाव जीतने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। निगम की 272 सीटों के लिए चुनाव 23 अप्रैल को चुनाव होने हैं। 

Advertising