पाकिस्तान के साथ बहाल होंगे कारोबारी रिश्ते? सरकार ने संसद में दिया ये जवाब

Thursday, Jul 28, 2022 - 09:25 PM (IST)

नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को बताया कि वर्ष 2019 के बाद पाकिस्तान के साथ फिर से व्यापार शुरु करने के संबंध में कोई प्रगति नहीं हुई है। राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने यह जानकारी दी। मुरलीधरन ने कहा, ‘‘अगस्त 2019 में पाकिस्तान ने भारत के साथ द्विपक्षीय व्यापार को स्थगित करने की घोषणा की थी। पाकिस्तान ने सितंबर 2019 में कुछ दवा उत्पादों के लिए व्यापार की अनुमति देकर भारत के साथ व्यापार प्रतिबंधों में आंशिक रूप से ढील दी थी। तब से पाकिस्तान के साथ फिर से व्यापार शुरु करने के संबंध में कोई प्रगति नहीं हुई है।''

ज्ञात हो कि 2019 में भारत ने जम्मू एवं कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को समाप्त कर दिया था। इसके बाद इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान की तत्कालीन सरकार ने भारत के साथ सभी तरह के व्यापार पर रोक लगा दी थी। हालांकि, व्यापार को निलंबित करने का पाकिस्तान का एक अंतर्निहित कारण भारत द्वारा पाकिस्तानी आयातों पर लगाया गया 200 प्रतिशत सीमा शुल्क था। पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान से सर्वाधिक तरजीही वाले देश (एमएफएन) का दर्जा भी वापस ले लिया था।

Yaspal

Advertising