''क्या बिहार सरकार अब शहाबुद्दीन और प्रभुनाथ का जन्मदिन भी मनाएगी ''

Sunday, May 28, 2017 - 04:56 PM (IST)

पटना : बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानमंडल दल के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर राज्य के कई महत्वपूर्ण पुलों का लोकार्पण किए जाने पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि क्या महागठबंधन की सरकार अब मोहम्मद  शहाबुद्दीन, प्रभुनाथ सिंह और राजबल्लभ जैसे अपराधियों के जन्मदिन पर भी समारोह आयोजित करेगी।

मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में सजायाफ्ता यादव के जन्मदिन (11 जून) को सरकार ने समारोहपूर्वक मनाए जाने की घोषणा की है। ऐसे में महागठबंधन की सरकार को यह बताना चाहिए कि क्या जेल में बंद राजद के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता मो. शहाबुद्दीन, विधायक हत्याकांड मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह और नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी एवं राजद के निलंबित विधायक राजबल्लभ जैसों के जन्मदिन पर भी समारोह आयोजित कर उन्हें तोहफा भेंट करेगी।

भाजपा नेता ने कहा कि जिस लालू-राबड़ी और कांग्रेस के राज में बिहार की सड़कें खड्ढ में तब्दील हो गई थी, जिनकी मिलीभगत से अलकतरा घोटाला हुआ, जिनके पथ निर्माण मंत्री को न केवल इस्तीफा देना पड़ा बल्कि जेल की हवा भी खानी पड़ी थी, आज जिनके बेटों (तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव) ने करोड़ों रुपए की बेनामी सम्पति इकठ्ठा कर ली है, उन्हीं (लालू प्रसाद यादव) के जन्मदिन पर सरकार आरा और छपरा सहित राज्य के कई महत्वपूर्ण पुलों को समर्पित करने वाली है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या बिहारवासियों का इससे बड़ा कोई अपमान हो सकता है। 

Advertising