पत्नी की हत्या कर सेफ्टी टैंक में फेंके टुकड़े, रात भर अंग तलाशती रही पुलिस

Monday, Sep 23, 2019 - 10:54 AM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): प्रेम नगर इलाके में शनिवार रात एक पति ने अपनी ही पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी चापड़ और ईंट मारकर निर्मम हत्या कर दी। दर्जनभर टुकड़े कर सेफ्टी टैंक और नालों में फेंक दिए। वारदात के बाद आरोपी ने थाने जाकर सरेंडर भी कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस ने सैफ्टी टैंक और नाले से शव के काफी टुकड़े निकाल लिए थे। देर रात तक पुलिस आरोपी की बताई जगहों पर जाकर शव के बाकी अंग तलाशने की कोशिश कर रही थी। पुलिस को आरोपी के परिवार की भी तलाश है, जो वारदात के बाद से फरार हैं। जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान सीमा (30) के रूप में हुई है। वह अपने पति आशू और तीन बेटियों के  साथ प्रेम नगर मेन शनि बाजार रोड स्थित डी ब्लॉक इलाके में रहती थी। सीमा की आशू से दस साल पहले शादी हुई थी। रविवार सुबह साढ़े दस बजे पीसीआर को सीमा की हत्या की सूचना उसके भाई संतोष ने दी थी। 

 

पुलिस अभी मकान में जाकर फॉरेंसिक टीम के साथ जांच कर रही थी कि अचानक करीब सवा 11 बजे प्रेम नगर थाने में आकर आशूू ने सरेंडर कर दिया। उसने आला अधिकारियों को बताया कि उसने अपनी पत्नी सीमा की हत्या कर उसके टुकड़े सैफ्टी टैंक और नाले में फेंक दिए हैं। जिला पुलिस उपायुक्त एसडी मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने थाने में खुद ही आकर सरेंडर किया था। आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसको लेकर अक्सर कहासुनी व झगड़ा होता रहता था। वारदात से पहले भी झगड़ा हुआ था। पुलिस मृतक महिला की बेटियों से भी पूछताछ करने की कोशिश कर रही है।  

vasudha

Advertising