पूरी दुनिया राहुल गांधी को एक ‘मसखरे' के रूप में जानती है, पीएम मोदी का व्यक्तित्व उनकी समझ से परे: गिरिराज सिंह

Thursday, Jun 01, 2023 - 06:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि पूरी दुनिया कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एक ‘‘मसखरे'' के रूप में जानती है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का व्यक्तित्व उनकी समझ से परे है। उन्होंने मोदी पर हाल के बयान को लेकर कांग्रेस नेता की आलोचना की। केंद्र की मोदी सरकार में ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग संभालने वाले सिंह ने गुजरात में यहां ग्रामीण प्रबंधन संस्थान आणंद (आईआरएमए) के 42वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत में यह टिप्पणी की।

राहुल गांधी का बयान 
कांग्रेस नेता गांधी ने बुधवार को अमेरिका में कैलिफोर्निया प्रांत के सांता क्लारा में प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें एक ऐसा व्यक्ति बताया था, जो सोचते हैं कि वह भगवान से अधिक जानते हैं। उन्होंने कहा था, ‘‘असल में, ऐसे लोगों को यह लगता है कि वे भगवान से भी अधिक जानते हैं। उन्हें भगवान के साथ बैठा दिया जाए तो वह उन्हें भी समझा देंगे कि क्या कुछ हो रहा है। जाहिर है कि हमारे प्रधानमंत्री उसका एक उदाहरण हैं।''

पूरी दुनिया उन्हें ‘मसखरे' के रूप में जानती है
कांग्रेस नेता ने कहा था, ‘‘यदि आप मोदीजी को भगवान के साथ बिठा दें, तो वह उन्हें विस्तार से समझा सकते हैं कि ब्रह्मांड कैसे चलता है और भगवान भी चकरा जाएंगे कि ये मैंने क्या बनाया है।'' केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि गांधी स्वयं नहीं जानते कि वे क्या बोलते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पूरी दुनिया उन्हें ‘मसखरे' के रूप में जानती है। उनकी दादी (इंदिरा गांधी) ने एक बार संसद में कहा था कि भारत के प्रधानमंत्री विदेशी धरती पर पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। दूसरी ओर, उनका पोता (अपनी विदेश यात्राओं के दौरान) भारत पर आक्षेप लगा रहा है।''

पूरी दुनिया मोदी को सम्मान देती है
राहुल गांधी के अमेरिका दौरे को ‘गाली यात्रा' करार देते हुए सिंह ने दावा किया कि पूरी दुनिया मोदी को सम्मान देती है और चीन और पाकिस्तान को छोड़कर बाकी सभी देशों के प्रमुख भारत के प्रधानमंत्री से हाथ मिलाने को इच्छुक रहते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने कहा, ‘‘चलो कम से कम राहुल गांधी ने भगवान को याद तो किया (मोदी की आलोचना करते हुए)। नहीं तो, वह हमेशा तुष्टीकरण में लगे रहते हैं, चाहे टोपी पहनने की बात हो या इफ्तार में शामिल होने की। अब, वह अपने सूट के बाहर जनेऊ (पवित्र धागा) पहनते हैं और ब्रह्माजी को याद करते हैं।

हम विकास की राजनीति करते हैं
मोदी का व्यक्तित्व उनकी (राहुल गांधी) समझ से परे है।'' यह पूछे जाने पर कि आजकल राजनीतिक वार्ता विकास के बजाय धर्म के इर्द-गिर्द क्यों घूमती है, सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी ऐसी राजनीति में कभी शामिल नहीं रही है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा कभी भी हिंदू-मुसलमान की राजनीति में विश्वास नहीं करती। हम विकास की राजनीति करते हैं। पिछले नौ वर्षों के दौरान (मोदी के नेतृत्व में) विकास का स्तर अतीत की तुलना में कहीं अधिक है। निजी रूप से मुझे लगता है जिस दिन ‘सनातनियों' की आबादी घटेगी उस दिन भारत और उसका लोकतंत्र भी कमजोर हो जाएगा।''

 

rajesh kumar

Advertising