अहमदाबाद में बोले पीएम मोदी, जिसके पास भारत का पासपोर्ट होता है दुनिया उसे इज्जत से देखती है

Wednesday, Oct 02, 2019 - 07:00 PM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि भारत और भारतीयों की प्रतिष्ठा अब पूरे विश्व में बढ़ी है तथा भारतीय पासपोटर् धारकों को लोग गर्व के भाव से देखते हैं। अपने गृहराज्य गुजरात के संक्षिप्त दौरे पर पहुंचे मोदी ने आज शाम यहां हवाई अड्डे के बाहर आयोजित उनके सम्मान समारोह में कहा आज भारत की प्रतिष्ठा पूरे विश्व में बढ़ी है। इसकी स्वीकृति और इसके प्रति सम्मान का भाव बढ़ा है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद जब वह संयुक्त राष्ट्र में गये और विश्व योग दिवस के उनके प्रस्ताव को बहुत तेजी से पारित किया गया तो लगा कि पूरी दुनिया भारत की तरफ बड़े उत्सुकता से देख रही है। और इस बार 2019 का चुनाव जीतने के बाद जब वह फिर से संयुक्त राष्ट्र गये तो ऐसा लगा रहा था कि दुनिया का हर देश भारत को स्वीकार कर चुका है। दुनिया के मन में एक आशा जगी है कि विश्व में जो भी परिवर्तन की संभावना है उसमें सबसे बडी हिस्सेदारी हिन्दुस्तान की होगी।

मोदी ने कहा कि आतंकवाद पर पैगंबर मोहम्मद साहेब के वंशज जाडर्न के राजा ने एक सेमिनार का आयोजन किया था जिसमें उन्होंने आतंकवाद पर वही भाव व्यक्त किये जो भारत ने किये थे। यह भारत के लिए गौरव की बात थी। उन्होंने अमेरिका में हाल में हुए ‘हाउडी मोदी' कार्यक्रम की सफलता तथा इसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लंबे समय तक शिरकत तथा साथ ही साथ डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन नेताओं की भागीदारी की भी चर्चा की और इसे भारत की सफलता बताया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर में फैले भारतवंशियों तथा भारत के पासपोर्ट की इज्जत बढ गयी है। भारतीय पासपोर्ट धारकों को दुनिया गर्व से देखती है।

मोदी ने हाउडी कार्यक्रम में लंबी शिरकत के लिए राष्ट्रपति ट्रंप तथा ह्यूस्टन के मेयर को एकबार फिर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनके आग्रह पर ट्रंप का सुरक्षा की परवाह किये बिना उनका हाथ पकड़ कर स्टेडियम के चक्कर लगाना भी यह दर्शाता है कि दुनिया में भारत की साख और ताकत बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हम देश को जिनती नयी नयी ऊंचाईयों पर ले जायेंगे उतना ही इसका दुनिया में सम्मान बढ़ता जायेगा। 

मोदी आज शाम गांधीजी के साबरमती आश्रम में बापू को श्रद्धांजलि देने के बाद रिवरफ्रंट पर सरपंचों के महासम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद वह यहां जीएमडीसी मैदान पर नवरात्रि कार्यक्रम में भाग लेंगे और फिर वापस नयी दिल्ली लौट जायेंगे।


 
 

Yaspal

Advertising