जहां हुई थी ट्रैफिक पुलिसकर्मी की पिटाई, वहीं किया गया सम्मानित
Thursday, Oct 29, 2020 - 07:17 PM (IST)
मुंबईः एक यातायात पुलिस कर्मी को नि:स्वार्थ सेवा के लिये उसके वरिष्ठ अधिकारियों ने उसी स्थान पर सम्मानित किया, जहां बिना हेलमेट दोपहिया चलाने पर रोकने के लिये एक महिला ने उसकी पिटाई की थी। मुंबई पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पुलिस कर्मी को सम्मानित करने का वीडियो बृहस्पतिवार को पोस्ट किया गया।
A video went viral on social media of a woman physically assaulting HC Eknath Parte.
— Mumbai Police (@MumbaiPolice) October 29, 2020
A case has been filed against 2 accused & as a gesture of solidarity towards police personnel working 24/7 across Mumbai, HC Parte was felicitated at the site of the incident.#RespectForAll pic.twitter.com/4QW6SpVSi7
उल्लेखनीय है कि हेडकॉन्स्टेबल एकनाथ पार्ते की दक्षिण मुंबई के कलबादेवी इलाके के कॉटन एक्सचेंज नाके पर 23 अक्टूबर को एक महिला ने पिटाई की थी, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कई लोगों ने कोविड-19 महामारी के बीच अपनी ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मी की पिटाई करने वाली महिला और उसके साथी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि बाद में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि महिला द्वारा पिटाई करने के बावजूद पार्ते के संयंम नहीं खोने की वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशंसा की। पार्ते को सहायक पुलिस आयुक्त लता डोंडे ने सम्मानित किया और इसका वीडियो मुंबई पुलिस के ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया गया।