प्रियंका गांधी को याद आई उस रात की कहानी...जब नेहरू के बेड पर आकर सो गया गार्ड

Thursday, Nov 14, 2019 - 04:03 PM (IST)

नई दिल्लीः देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 130वीं जयंती पर गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नेहरू के समाधि स्थल शांति वन पहुंच उनको श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। वहीं हर कोई अपने तरीके से नेहरू की जयंती पर उन्हें याद कर रहा है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपने परदादा को एक पुरानी स्मृति ट्विटर पर शेयर कर उन्हें याद किया।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि मेरे परदादा के बारे में मेरी पसंदीदा याद वह है, जब एक सुबह 3 बजे परदादा काम से लौटे तो देखा कि उनके बिस्तर पर उनका बॉडीगार्ड सो रहा था इस पर नहरू ने गार्ड को कंबल ओढ़ाया और खुद बगल की कुर्सी पर सो गए। वहीं राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, "प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर हम उन्हें याद करते हैं। वह एक राजनेता, दूरदर्शी, विद्वान, संस्थाओं का निर्माण करने वाले और आधुनिक भारत के एक महान शिल्पकार थे।

बता दें कि पंडित नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में हुआ था। मोतीलाल नेहरू और स्वरूप रानी के पुत्र नेहरू आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री थे और इस पद पर वह 1964 में अपने निधन तक रहे। नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के तौर पर मनाया जाता है। बच्चे उनको चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे। पंडित नेहरू हमेशा कहते थे कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं।

Seema Sharma

Advertising