जब राज्यसभा में PM मोदी ने मनमोहन सिंह से मिलाया हाथ

Monday, Jan 29, 2018 - 03:59 PM (IST)

नई दिल्ली(वार्ता): संसद का बजट सत्र आज शुरू होने पर राष्ट्रपति के अभिभाषण के समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोनों सदनों में कुछ देर के लिए आये। राज्यसभा में तो मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पास जाकर उनसे हाथ भी मिलाया। 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने संसद के केन्द्रीय कक्ष में जब दोनों सदनों को संबोधित किया तो करीब 12 बजे उनका अभिभाषण समाप्त हुआ। उसके बाद 12 बजकर 20 मिनट पर लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई। मोदी उस समय सदन में उपस्थित थे। इस दौरान वित्त मंत्री अरुण जेतली ने आर्थिक सर्वे की प्रति सदन के पटल पर रखी। उसके बाद लोकसभा की कार्यवाही एक फरवरी तक स्थगित कर दी गयी।  

राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजकर 35 मिनट पर शुरू हुई। इससे पहले पीएम सदन में आये और विपक्षी नेताओं की तरफ उनसे मिलने गए और एक-एक करके सर्वश्री शरद पवार, नवनीत कृष्णन, टी के रंगराजन और राम गोपाल यादव से मिले। उनके साथ संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार भी थे फिर मोदी कांग्रेस सदस्यों की ओर गए। उन्होंने मनमोहन सिंह से हाथ मिलाया, जवाब में पूर्व पीएम मंद-मंद मुस्कराए भी। फिर मोदी गुलाम नबी आजाद से मिले, उसके बाद वह दूसरी पंक्ति में बैठे मोती लाल वोरा से विशेष रूप से मिले, उनसे थोड़ी देर बात भी की। उसके बाद वह अपनी सीट पर आकर बैठ गए। 

इसके उपरांत सदन की कार्यवाही शुरू हुई और चार नए सदस्यों को शपथ दिलाई गयी और दो दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रृद्धांजलि दी गयी। इसके बाद बवाना अग्निकांड एवं पवन हंस दुर्घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गयी तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन एवं रक्षा अनुसंधान संगठन तथा भारतीय खिलाड़यिों की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता पर बधाई के बाद सदन की कार्यवाही एक फरवरी तक स्थगित कर दी गयी।
 

Advertising