कनिमोझी ने जब जेतली का आभार व्यक्त किया

Sunday, Dec 24, 2017 - 10:23 AM (IST)

नेशनल डैस्कः 2जी स्पैक्ट्रम घोटाले के फैसले से कांग्रेस को बेशक नई शक्ति मिल सकती है लेकिन भाजपा नेतृत्व की चिंता भी अकारण नहीं है। ऐसी चर्चा है कि राज्यसभा की सदस्य और द्रमुक के वयोवृद्ध नेता एम. करुणानिधि की बेटी कनिमोझी ने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेतली को टैलीफोन कर आभार व्यक्त किया, यद्यपि द्रमुक नेता को बहुत से लोगों की तरफ से बधाई संदेश प्राप्त हो रहे थे। कनिमोझी और जेतली का लम्बे समय से एक-दूसरे के साथ सम्पर्क बना हुआ था और भारत के पूर्व अटार्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने भी 2जी के कुछ आरोपियों की पैरवी की थी। वास्तव में वह समय-समय पर निजी तौर पर जेतली से कानूनी सलाह लेती रही हैं।

भाजपा में यह भी व्यापक विचार रहा कि उसका 2जी मामले में कोई हाथ नहीं। यह कांग्रेस पार्टी की विफलता ही थी जिसने अपने सहयोगियों की मदद नहीं की और यहां तक कि मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए ए. राजा को दरकिनार कर दिया था और पुलक चटर्जी तथा कुट्टि नायर जैसे पी.एम.ओ. अधिकारियों पर समूचे घोटाले का दोष थोपा था। विनोद राय को मनमोहन सिंह सरकार ने ही कैग नियुक्त किया था।

भाजपा ने इसी बीच घोटाले का पूरा फायदा उठाया और उसकी बदौलत ही वह 2014 में केंद्र में सत्तारूढ़ हुई। द्रमुक की दयनीय स्थिति के लिए भाजपा को कैसे दोष दिया जा सकता है, जेतली ने कनिमोझी से यह पूछा। वास्तव में मोदी सरकार जब से सत्ता में आई उसने 2जी मुकद्दमे में नरम रुख अपनाया। कारण यह कि सी.बी.आई. द्वारा घोटाले में 2012 में दाखिल किए गए आरोप पत्र में किसी कांग्रेसी नेता का नाम नहीं था जबकि यह तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के तहत थी। कांग्रेस ने अपने नेताओं और पी.एम.ओ. को बचाया तथा सारा दोष द्रमुक पर थोप दिया।

Advertising