WhatsApp पर अब नहीं दिखेगा आपका मोबाइल नंबर! Username फीचर ने बदली चैटिंग की दुनिया, जानिए कैसे
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 02:06 PM (IST)
WhatsApp Feature: इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप ने एक नया फीचर पेश किया है, जिसके जरिए यूजर्स अब अपना फोन नंबर शेयर किए बिना किसी से भी चैट कर पाएंगे। इस फीचर का नाम यूजरनेम (Username) रखा गया है। यह बदलाव पहली नजर में छोटा लग सकता है, लेकिन इसका असर यूजर्स के ऐप पर जुड़ने और संपर्क बनाने के तरीके पर बड़ा हो सकता है।
यूजरनेम फीचर: क्यों है खास
व्हाट्सऐप के इस फीचर का सबसे बड़ा मकसद यह है कि यूजर्स अब अपना नंबर किसी के साथ भी साझा किए बिना चैट कर सकेंगे। व्हाट्सऐप द्वारा दिया गया यूजरनेम आपके अकाउंट की पहचान के रूप में काम करेगा। इसका तरीका इंस्टाग्राम के यूजरनेम की तरह है किसी भी यूजर को आपका यूजरनेम पता होने पर वह आपको सीधे मैसेज भेज सकता है, और आपका नंबर तब तक सुरक्षित रहेगा जब तक आप उसे शेयर नहीं करते।
कैसे काम करेगा यूजरनेम फीचर
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर यह फीचर आपके अकाउंट में उपलब्ध है, तो प्रोफाइल सेटिंग्स में “यूजरनेम” ऑप्शन दिखाई देगा। आप इसमें कोई एक यूनीक नाम चुन सकते हैं, जो आपकी पहचान बनेगा। इसके बाद अन्य लोग आपका यूजरनेम सर्च करके सीधे मैसेज भेज सकते हैं। इस फीचर के जरिए यूजर्स को अपने नंबर को गोपनीय रखने का विकल्प मिलेगा, जिससे प्राइवेसी में बढ़ोतरी होगी। फिलहाल यह फीचर चुनिंदा यूजर्स के लिए ही उपलब्ध है, लेकिन जल्द ही इसे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किए जाने की संभावना है।
यूनीक यूजरनेम चुनने का विकल्प
जब यह फीचर आपके अकाउंट में आएगा, तो आपको अपने लिए एक यूनिक यूजरनेम चुनने का ऑप्शन मिलेगा। इसके बाद आप किसी भी संपर्क को अपने यूजरनेम के जरिए खोज सकते हैं। इसी तरह, अन्य यूजर्स भी आपके यूजरनेम का इस्तेमाल कर आपको ढूंढ सकते हैं। इस प्रक्रिया में आपका फोन नंबर साझा करना आवश्यक नहीं होगा। व्हाट्सऐप के इस नए फीचर से यूजर्स की प्राइवेसी बढ़ेगी और उन्हें अपने नंबर को सार्वजनिक किए बिना दूसरों से संपर्क करने का आसान तरीका मिलेगा।
