पश्चिम बंगाल: बैरकपुर में हिंसक झड़पों मे, 20 लोग घायल

Monday, Sep 02, 2019 - 06:08 PM (IST)

बैरकपुर: पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अर्जुन सिंह पर कथित हमले के विरोध में पार्टी के 12 घंटे बंद के आह्रान के बाद सोमवार को शहर में ताजा हिंसक झड़पें हुईं जिनमें 20 लोग घायल हो गए। इसकी वजह से शहर में जन-जीवन खासा प्रभावित रहा। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने सुबह कोलकाता के उस अस्पताल का दौरा किया जहां भाजपा सांसद का रविवार से इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि हिंसा रुकनी चाहिए, इसके लिए लोगों से बातचीत करेंगे। 


आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि टीटागढ़ थाने के प्रभारी सुव्रजीत मजुमदार भी हिंसक समूहों की मध्यस्थता के दौरान घायल हो गए जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। भाजपा बंद के दौरान भड़की हिंसा के कारण घायल 20 अन्य लोगों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बारह घंटे की हड़ताल का विरोध करने वाले बाइकर्स के एक समूह ने दुकानों और बाजारों को फिर से खोलने की मांग की जबकि तृणमूल कांग्रेस(टीएमसी) ने बंद का विरोध किया। 


बंद के कारण शहर की सड़कों पर भी यातायात बाधित रहा और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। हुगली जिले में नैहाटी और चिनसुहा के बीच नौका और रेल सेवायें भी ठप रही। राज्य में हिंसा को देखते हुए सभी पुलिस अधीक्षक कार्यालयों के समक्ष बाजार बंद करने और विरोध प्रदर्शन करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। त्वरित कारर्वाई बल की पांच कंपनियों को भी तैनात किया गया है। भाजपा नेता सायंतन बसु ने भाजपा सांसद अर्जुन सिंह पर हमले की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि 2021 के चुनाव में हार के डर से बौखलाई सत्तारूढ़ टीएमसी हिंसा का सहारा ले रही है।

shukdev

Advertising