मिडिल ईस्ट तनाव के बीच स्पाइसजेट का बड़ा कदम, दुबई के लिए उड़ानों को लेकर प्रतिबंध और शेड्यूल बदले
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 07:41 PM (IST)
International Desk: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और बढ़ते सुरक्षा तनाव का असर अब अंतर्राष्ट्रीय हवाई यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। इसी के चलते स्पाइसजेट ने दुबई के लिए अपनी उड़ानों में प्रतिबंध और शेड्यूल में बदलाव की घोषणा की है। एयरलाइन ने रविवार को जानकारी दी कि मौजूदा हालात को देखते हुए संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह से भारत के लिए विशेष उड़ानें संचालित की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित तरीके से भारत लाया जा सके। स्पाइसजेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी संदेश में कहा कि पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति के कारण दुबई आने-जाने वाली उड़ानों पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिससे उड़ानों के समय और संचालन में बदलाव हो सकता है।
एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को इन बदलावों की जानकारी SMS और ई-मेल के जरिए दी जा रही है। साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें। स्पाइसजेट ने कहा कि वह फुजैराह से भारत के लिए विशेष उड़ानें चला रही है। इसके अलावा यात्रियों की मदद के लिए दुबई से पुणे के लिए भी एक विशेष उड़ान संचालित की जा रही है। एयरलाइन के अनुसार 16 मार्च को फुजैराह से भारत के लिए चार विशेष उड़ानें और दुबई से भारत के लिए एक अतिरिक्त उड़ान संचालित की जाएगी। इन उड़ानों का उद्देश्य उन भारतीय यात्रियों को राहत देना है जो मौजूदा स्थिति के कारण फंसे हुए हैं।
इस बीच गल्फ एयर ने भी एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि बहरीन के हवाई क्षेत्र के बंद रहने के कारण कई उड़ानें अस्थायी रूप से सऊदी अरब के दमाम (Dammam) के रास्ते संचालित की जा रही हैं। गल्फ एयर ने कहा कि उसने किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दमाम से लंदन, मुंबई और बैंकॉक के लिए वाणिज्यिक उड़ानों की बुकिंग शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इससे पहले 4 मार्च को स्पाइसजेट ने संयुक्त अरब अमीरात से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए आठ विशेष उड़ानें संचालित की थीं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण एयरलाइंस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ानों के रूट और समय में बदलाव कर रही हैं।
