उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलेगा! Delhi-UP और Bihar समेत इन राज्यों में बरसेंगे बादल, पहाड़ों पर येलो अलर्ट जारी
punjabkesari.in Tuesday, Feb 25, 2025 - 08:54 AM (IST)

नेशनल डेस्क। उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश और पंजाब में फिर से बारिश होने के आसार हैं। विभाग ने बताया कि यह असर मंगलवार से शुरू हो सकता है और बुधवार से शुक्रवार तक बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में बारिश और तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का अधिकतम तापमान 27-29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11-13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में 27 और 28 फरवरी को बारिश हो सकती है जिससे तापमान में गिरावट आएगी। इन दो दिनों में अधिकतम तापमान 23-27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड बढ़ेगी
उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने के साथ हल्की ठंड बढ़ सकती है। 27 और 28 फरवरी को यहां बारिश होने का अनुमान है जिससे ठंड में थोड़ी और वृद्धि हो सकती है। हालांकि 2 मार्च से मौसम साफ हो जाएगा। बिहार में भी तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है और यहां 28 फरवरी और 1 मार्च के बीच कुछ जिलों में बारिश की संभावना है।
मध्य प्रदेश में हल्की बारिश के आसार
मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर और इंदौर जैसे शहरों में 26 से 28 फरवरी के बीच हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड के कुछ जिलों में 25 से 28 फरवरी तक हल्की बारिश हो सकती है और उच्च इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और देहरादून में हल्की बारिश की संभावना जताई है। 26 फरवरी को चंपावत, नैनीताल, उधम सिंह नगर और हरिद्वार को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश हो सकती है। 26 से 28 फरवरी तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण 2 मार्च तक अच्छी बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान बर्फबारी की संभावना जताई है।
जम्मू और कश्मीर में बर्फबारी और बारिश
जम्मू कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है। साथ ही मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। श्रीनगर मौसम विभाग ने बर्फबारी की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि मेघालय, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।