दिल्ली-NCR में बारिश के बाद बदला मौसम, ओले पड़ने की संभावना

Wednesday, Feb 20, 2019 - 12:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 


मौसमविद् ने बताया कि दिन में और बारिश होने की संभावना है। उन्होंने शहर के अलग-अलग स्थानों पर ओला गिरने की भी अनुमान व्यक्त किया। मौसम विभाग के मुताबिक सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े आठ बजे तक 1.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 


एक अधिकारी ने बताया कि आसमान में मुख्य रूप से बादल छाये रहेंगे। दिन में हल्की बारिश होने और ओले गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने की संभावना है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।     


वहीं दिल्ली समेत पड़ोसी शहरों में प्रदूषण की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ हालात में बनी हुई है। पर्यावरणविदों के मुताबिक, तेज बारिश और तेज हवाओं के बगैर वातावरण में सुधार संभव नहीं है। चिकित्सकों की माने तो हर सांस के साथ कई अंगों में जहर पहुंच रहा है, जिससे सांस की नलियां सिकुड़ रही हैं। 
 

vasudha

Advertising