राज्य विधानसभा चुनावों में हम रिकॉर्ड जीत दर्ज करेंगे : भाजपा

Sunday, Oct 07, 2018 - 01:18 AM (IST)

नई दिल्लीः पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा का स्वागत करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को विश्वास व्यक्त किया कि वह चुनावों में ‘‘रिकॉर्ड जीत’’ दर्ज करेगी और मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा राजस्थान में सत्ता बरकरार रखेगी।

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा तीन राज्यों में अपनी सरकारों के प्रदर्शन के साथ ही अपने कठिन परिश्रम और विकास कदमों के आधार पर रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कांग्रेस का उपहास उड़ाते हुए कहा कि वह राज्य चुनावों में भाजपा के खिलाफ गठबंधन बनाने के अपने प्रयासों में बुरी तरह विफल रही।

छत्तीसगढ़ देश का विकास मॉडल बना
प्रसाद ने कहा कि ‘‘गठंधन धर्म’’ बनाना, कायम रखना और चलाना कांग्रेस के डी एन ए में नहीं है। उन्होंने गांधी परिवार की ओर इशारा करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल एक परिवार के लिए है। तीन राज्यों में भाजपा सरकारों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसा नया राज्य देश में ‘‘विकास का मॉडल’’ बन चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में राजस्थान और मध्य प्रदेश ‘‘बीमारू’’ राज्य थे, लेकिन भाजपा के शासन में उन्होंने कृषि, अवसंरचना, डिजिटलीकरण और निवेश में नई ऊंचाइयों को छूआ है।

निर्वाचन आयोग ने शनिवार को घोषणा की कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में 12 नवंबर से सात दिसंबर के बीच चुनाव होंगे। मतगणना 11 दिसंबर को होगी।     

Yaspal

Advertising