''हम 200 से ज्यादा सीटें जीत रहे हैं'': ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल को नकारा, शेयर बाजार में भी हेराफेरी का लगाया आरोप
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 05:50 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से ठीक पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पार्टी के काउंटिंग एजेंटों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करने जा रही है। उन्होंने एग्जिट पोल के उन आंकड़ों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें भाजपा को बढ़त दिखाई गई है।
एग्जिट पोल पर साधा निशाना
ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल के नतीजों को "शेयर बाजार में हेराफेरी" करने की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा, "हम जीत रहे हैं और 200 से ज्यादा सीटें जीत रहे हैं। ये एग्जिट पोल कुछ और नहीं बल्कि स्टॉक मार्केट को प्रभावित करने का एक जरिया हैं। उन्होंने 2021 और 2024 में भी यही किया था और अब फिर वही कर रहे हैं।"

CAPF पर लगाए गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) पर टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ बर्बरता करने का आरोप लगाया। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा, "आने वाले दिनों में पार्टी उन लोगों को पुरस्कृत करेगी जिन्होंने CAPF की क्रूरता का डटकर सामना किया है।"

पुनर्मतदान में दिखा जबरदस्त उत्साह
यह बयान ऐसे समय में आया है जब दक्षिण 24 परगना जिले की दो सीटों (डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम) के 15 बूथों पर पुनर्मतदान चल रहा है। मगराहाट पश्चिम में दोपहर 3 बजे तक 72.5% मतदान दर्ज किया गया। डायमंड हार्बर में 72.36% मतदान हुआ। सुरक्षा के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती की गई है और कोलकाता चुनाव कार्यालय से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है।
एग्जिट पोल के आंकड़े
जहाँ ममता बनर्जी 200+ का दावा कर रही हैं, वहीं अधिकांश एग्जिट पोल भाजपा को बहुमत मिलता दिखा रहे हैं:
-
चाणक्य स्ट्रैटेजीज: भाजपा (150-160), टीएमसी (30-40)
-
मैट्रिज (Matrize): भाजपा (146-161), टीएमसी (125-140)
-
पी-मार्क (P-Marq): भाजपा (150-175), टीएमसी (118-138)
-
पीपल्स पल्स (People Pulse): टीएमसी (177-187), भाजपा (95-100) — यह एकमात्र प्रमुख पोल है जो टीएमसी की जीत दिखा रहा है।
बता दें कि बंगाल चुनाव में इस बार रिकॉर्ड 92.93% मतदान हुआ है। असली तस्वीर 4 मई को मतगणना के बाद साफ होगी।
