पेयजल समस्या से जूझ रहे लोग, महिलाओं ने खोला मोर्चा, दुखड़ा सुनाते हुए आंखे नम हुईं

Friday, Jan 22, 2021 - 08:11 PM (IST)

कठुआ (गुरप्रीत) : पेयजल समस्या से जूझ रहे चक गदाधर के लोगों ने शुकव्रार को विभाग के विरुद्ध प्रदर्शन किया। गांव की महिलाओं का गुस्सा इस कदर था कि पेयजल की आपूर्ति न होने से पेश आने वाली समस्याओं को गिनाते हुए कई महिलाएं भावुक भी हो गई। प्रदर्शनकारियों ने खाली वर्तन लेकर प्रशासन व विभाग की ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। 


प्रदर्शनकारियों में तारो देवी, ध्यान चंद, सुदेश कुमारी  आदि ने कहा कि पिछले करीब आठ माह से पेयजल की आपूर्ति सही ढंग से नहीं हो पा रही है। जिसके चलते उनकी परेशानियों में इजाफा हो रहा है। गांव की बुजुर्ग महिलाएं बीमार हालत में भला कहां से पानी लेकर आएंगी। उन्होंने कहा कि गत बरसात के बाद कई स्थानों पर पाइपों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह से लीकेज भी है लेकिन विभागीय अधिकारियों के कार्यालय में गुहार लगाने के बावजूद किसी ने समस्या के समाधान को लेकर प्रयास नहीं किए।

उन्होंने कहा कि काफी समय तक पैदल चलकर पानी यहां-वहां से लाना पड़ता है। उनकी कोई सुध लेने को तैयार नहीं है। पच्चास से ज्यादा घरों में रहने वाली सैकड़ों की आबादी पेयजल आपूर्ति को लेकर परेशान है। उन्होंने कहा कि अगर विभाग को आपूर्ति नहीं करनी है तो फिर यहां से पाइपों को ही उखाड़ दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विभाग ने समस्या का समाधान जल्द न किया तो लोग आंदोलन को और तेज करने को मजबूर हो जाएंगे जिसकी जिम्मेवारी विभाग की होगी।

Monika Jamwal

Advertising