इंतजार खत्म! दिल्ली में इस दिन दस्तक देगा मॉनसून, गर्मी से मिलेगी राहत...आज भी बारिश के आसार

Tuesday, Jun 28, 2022 - 12:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह गर्मी रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हालांकि मौसम कार्यालय ने शाम तक गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। दिल्ली में मंगलवार को सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को गरज के साथ या बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

 

आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, दिल्ली में 29 जून से बारिश होगी। मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि मानसून दिल्ली से कुछ ही दिन दूर है और पहले 10 दिनों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।

 

IMD के अधिकारी ने कहा कि दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने कहा कि मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 64 प्रतिशत थी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी की हवा की गुणवत्ता मंगलवार को बह करीब आठ बजकर पांच मिनट पर 126 दर्ज की गई, जो मध्यम श्रेणी में आती है।

Seema Sharma

Advertising