अबू धाबी के शासक शेख खलीफा के निधन पर UAE पहुंचे भारत के उपराष्ट्रपति नायडू,  किया शोक व्यक्त

Monday, May 16, 2022 - 11:19 AM (IST)

अबू धाबीः उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुंचे और UAE के पूर्व राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर भारत की ओर से शोक व्यक्त किया। नायडू ने कहा कि भारत और उसके लोग इस मुश्किल समय में यूएई के साथ खड़े हैं। कई वर्षों तक बीमारी से जूझने के बाद शुक्रवार को शेख खलीफा का निधन हो गया। वह 73 साल के थे।

 

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उपराष्ट्रपति नायडू दोपहर में अबू धाबी पहुंचने पर सीधे मुश्रीफ पैलेस गए और यूएई के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, शाही परिवार और UAE के पूरे नेतृत्व के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। नायडू ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भी शोक व्यक्ति किया तथा दोहराया कि भारत और उसके लोग इस कठिन समय में यूएई के साथ खड़े हैं। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया कि नायडू ने याद किया कि शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के नेतृत्व में भारत-UAR संबंध दोनों देशों के लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए बहुत समृद्ध हुए। खलीफा ने यूएई में मौजूद भारतीय समुदाय की असाधारण देखभाल की, जो उनके प्रति बेहद सम्मान रखते थे।

 

नायडू नेUAE के तीसरे राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर शेख मोहम्मद को अपनी शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में दोनों देश नये और विविध क्षेत्रों में अपने ऐतिहासिक तथा व्यापक रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाना जारी रखेंगे। उपराष्ट्रपति नायडू के साथ यूएई में भारत के राजदूत संजय सुधीर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थे। इससे पूर्व, विदेश मंत्री एस जयशंकर शनिवार को नयी दिल्ली में यूएई दूतावास गए और भारत की ओर से संवेदना व्यक्त की। भारत ने शेख खलीफा के सम्मान में शनिवार को एक दिन का राष्ट्रीय शोक रखा। विदेश मंत्रालय ने नयी दिल्ली में शनिवार को कहा कि दोनों देश नए और विविध क्षेत्रों में अपने ऐतिहासिक और व्यापक रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाना जारी रखेंगे 

Tanuja

Advertising